Bharat Express DD Free Dish

Book Review Why the Poor Don’t Kill Us: The Psychology of Indians- भारतीय समाज की असहज करने वाले सच्चाई को उजागर करती किताब

Book Review Why the Poor Don’t Kill Us: The Psychology of Indians मनु जोसेफ की पुस्तक ‘व्हाय द पूअर डोन्ट किल अस: द साइकोलॉजी ऑफ इंडियंस,’ भारतीय समाज की एक ऐसी सच्चाई को उजागर करती है जो असहज करने वाली है.

Why The Poor Don't Kill Us The Psychology Of Indians

Book Review Why the Poor Don’t Kill Us: The Psychology of Indians: मनु जोसेफ की पुस्तक ‘व्हाय द पूअर डोन्ट किल अस: द साइकोलॉजी ऑफ इंडियंस,’ भारतीय समाज की एक ऐसी सच्चाई को उजागर करती है जो असहज करने वाली है: दुनिया के सबसे असमान देशों में से एक में जहां धन और गरीबी के बीच की खाई लगातार चौड़ी हो रही है, गरीब लोग अमीरों के खिलाफ हिंसक विद्रोह क्यों नहीं करते? यह सवाल, जो पुस्तक के शीर्षक में ही निहित है, न केवल सामाजिक असमानता की गहराई को छूता है, बल्कि मध्य वर्ग और अमीरों की पाखंडपूर्ण दया और नैतिकता को भी बेनकाब करता है. इस पुस्तक में अपनी कटाक्षपूर्ण और तीक्ष्ण लेखन शैली के साथ भारतीय समाज के मनोविज्ञान की परतें उधेड़ते हैं. यह पुस्तक सामाजिक संरचनाओं, सांस्कृतिक मान्यताओं और मानवीय व्यवहार के आधार पर एक जटिल सवाल का जवाब तलाशती है.

गरीब आपस में भी प्रतिस्पर्धा करते हैं, जो सामूहिक विद्रोह दबा देता है

पुस्तक का केंद्रीय विचार यह है कि भारत में गरीब लोग हिंसक क्रांति की ओर क्यों नहीं बढ़ते, इसके पीछे सदियों पुरानी सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संरचनाएं हैं, जो उन्हें दुख, अभाव और अन्याय को स्वीकार करने की आदत डाल चुकी हैं. जोसेफ तर्क देते हैं कि गरीब न केवल अमीरों के खिलाफ, बल्कि आपस में भी संसाधनों और अवसरों के लिए प्रतिस्पर्धा करते रहते हैं, जिसके कारण कोई सामूहिक विद्रोह नहीं उभर पाता. वे इस विचार को कई उदाहरणों के माध्यम से समझाते हैं. उदाहरण के लिए मध्य वर्ग का अपनी नौकरानियों या घरेलू कर्मचारियों के प्रति दिखावटी सहानुभूति का रवैया. सोशल मीडिया पर मध्य वर्ग क्रूरता की निंदा करता है, लेकिन वास्तविक जीवन में नौकरानियों के साथ शौचालय या बर्तन साझा करने की बात तक नहीं सोचता. यह दोहरा मापदंड भारतीय समाज में गहरे पैठे पाखंड को उजागर करता है.

अमीर लोग अंदर से खोखले इसलिए नैतिकता कमज़ोर होती है

जोसेफ बताते हैं कि भारत जैसे देश में, जहां बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक प्रतीक गरीबों को यह भ्रम देते हैं कि राष्ट्र उनकी उपेक्षा नहीं कर रहा. यह भ्रम उन्हें व्यवस्था के खिलाफ विद्रोह करने से रोकता है. साथ ही लेखक अमीरों की आंतरिक तंगी पर भी प्रकाश डालते हैं. वे तर्क देते हैं कि कई अमीर लोग, जो बाहरी तौर पर समृद्ध दिखते हैं, वास्तव में अंदर से खोखले और असुरक्षित हैं. यह खोखलापन उनकी नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी को और भी कमजोर करता है.

ये भी पढ़ें: जवाहरलाल नेहरू हाज़िर हों: अदालत में नेहरूजी का साहस और स्वतंत्रता की गूंज, पढ़िए पुस्तक समीक्षा

मनु जोसेफ की लेखन शैली इस पुस्तक का सबसे बड़ा आकर्षण है. उनकी कटाक्षपूर्ण, व्यंग्यात्मक और बिना किसी नरमी के लिखने की शैली पाठक को हंसाती भी है और असहज भी करती है. वे जटिल सामाजिक अवधारणाओं को सरल लेकिन गहरे विचारों में पिरोते हैं. उदाहरण के लिए, वे कहते हैं कि क्रांति हमेशा ‘दूसरे सबसे अच्छे’ लोग लाते हैं, न कि सबसे नीचे वाले.

पुस्तक में राजनीति, जातिवाद और मध्यम वर्ग की अहंकारी उदारता पर तीखा प्रहार

पुस्तक में जोसेफ भारतीय समाज के विभिन्न पहलुओं – जैसे राजनीति, जातिवाद, और मध्यम वर्ग की अहंकारी उदारता पर तीखे प्रहार करते हैं. उनकी टिप्पणियां अक्सर इतनी सटीक होती हैं कि पाठक को अपनी सोच पर सवाल उठाने के लिए मजबूर होना पड़ता है.

हालांकि, यह पुस्तक विचारोत्तेजक और प्रभावशाली है, लेकिन इसमें कुछ कमियां भी हैं. जैसे, यह जातिवाद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे को पर्याप्त गहराई से संबोधित नहीं करती, जो भारत में सामाजिक और आर्थिक असमानता का मूल कारण है. भारत जैसे देश में, जहां जाति व्यवस्था सामाजिक संरचना का एक अभिन्न हिस्सा है, इसकी अनदेखी पुस्तक की विश्वसनीयता को कम कर सकती है. इसके अलावा, पुस्तक कभी-कभी अत्यधिक सैद्धांतिक हो जाती है, और तथ्यों  कमी महसूस होती है.

समाज के विशेषाधिकार प्राप्त वर्ग को आईना दिखाती पुस्तक

‘व्हाय द पूअर डोन्ट किल अस’ समाज के विशेषाधिकार प्राप्त वर्ग को आईना दिखाती है. यह न केवल गरीबों की सहनशीलता और उनकी मजबूरी को उजागर करती है, बल्कि अमीरों और मध्य वर्ग की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाती है. जोसेफ इस पुस्तक में न तो क्रांति का आह्वान करते हैं और न ही आसान जवाब देते हैं. इसके बजाय पाठक को असहज सच्चाइयों के साथ छोड़ देती है, उन्हें अपने दृष्टिकोण और व्यवहार पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है.

यह पुस्तक विशेष रूप से भारत जैसे देश के संदर्भ में प्रासंगिक है, जहां आर्थिक असमानता, सामाजिक अन्याय और सांस्कृतिक रूढ़ियां गहरी पैठ बनाए हुए हैं. यह पाठकों को यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या गरीबों की सहनशीलता अनंत है, और क्या एक दिन यह धैर्य टूट सकता है. जोसेफ की यह पुस्तक न केवल सामाजिक विश्लेषण है, बल्कि एक चेतावनी भी है कि यदि समाज ने अपनी संरचनात्मक खामियों को नहीं सुधारा तो परिणाम अप्रत्याशित हो सकते हैं.


ये भी पढ़ें: बेगमपुल से दरियागंज: देसी पल्प की दिलचस्प दास्तान


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read