India vs South Africa T20: भारतीय टीम ने वनडे फॉर्मेट की सफलता को टी20 सीरीज में भी बरकरार रखते हुए पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका को करारी शिकस्त दी. कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने मेहमान टीम को 101 रन से हराकर सीरीज की शानदार शुरुआत की.
टॉप ऑर्डर नाकाम
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. शुभमन गिल पहले ही ओवर में आउट हो गए जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा भी टिक नहीं पाए. 78 रन तक पहुंचते-पहुंचते भारत ने 4 विकेट गंवा दिए और हालात मुश्किल दिखने लगे लेकिन तभी चोट से वापसी कर रहे हार्दिक पंड्या ने मोर्चा संभाला. आते ही उन्होंने आक्रामक अंदाज दिखाया और सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. हार्दिक ने 28 गेंदों पर 59 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उनकी पारी की बदौलत भारत ने 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. साउथ अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी ने 3 विकेट झटके.
अफ्रीका की पारी बिखरी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत भी बेहद खराब रही. पहले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने क्विंटन डिकॉक को आउट कर दिया और जल्द ही ट्रिस्टन स्टब्स भी पवेलियन लौट गए. एडन मार्करम और डेवाल्ड ब्रेविस ने कुछ बड़े शॉट जरूर लगाए लेकिन अक्षर पटेल ने कप्तान मार्करम को बोल्ड कर अफ्रीकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मिलकर अफ्रीका को सिर्फ 74 रन पर समेट दिया. अर्शदीप, बुमराह, अक्षर और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट हासिल किए. पूरी टीम 12.3 ओवर में ही ऑल आउट हो गई.
अफ्रीका का सबसे छोटा स्कोर
ये साउथ अफ्रीका का टी20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर रहा. इससे पहले उनका न्यूनतम स्कोर 87 रन था, जो 2022 में भारत के खिलाफ ही बना था. कटक में लगातार दो टी20 जीतने वाली अफ्रीकी टीम इस बार अपनी हैट्रिक पूरी नहीं कर सकी.
हार्दिक पंड्या की धमाकेदार वापसी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया को बड़ी जीत दिलाई और सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलाई.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

