Goa Club Fire: गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में 7 दिसंबर को लगी भीषण आग में 25 लोगों की जान चली गई थी. इस घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसी केस में आरोपी अजय गुप्ता को दिल्ली से पकड़ा गया है.
अस्पताल से आरोपी गिरफ्तार
अजय गुप्ता दिल्ली के लाजपत नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में स्पाइन की बीमारी का हवाला देकर भर्ती हो गया था. गोवा पुलिस और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे अस्पताल से बाहर निकाला और सनलाइट कॉलोनी स्थित क्राइम ब्रांच ऑफिस ले गई. इस दौरान अजय ने मास्क पहन रखा था और हाथ में ड्रिप की बैंडेज लगी थी. पूछताछ में उसने खुद को स्लीपिंग पार्टनर बताया और बाकी सवालों का जवाब देने से बचता रहा.
लूथरा बंधुओं के साथ पार्टनरशिप
बीते साल जारी किए गए GST सर्टिफिकेट से सामने आया है कि अजय गुप्ता क्लब में लूथरा बंधुओं के साथ पार्टनर था. अजय नार्थ दिल्ली के मशहूर बिल्डर अमित गुप्ता का भाई है, जिसकी दो साल पहले गोगी गैंग ने हत्या कर दी थी. अमित की मौत के बाद अजय ने मार्केट में पैसा लगाना शुरू किया और लूथरा बंधुओं के क्लब्स में भी बड़ी रकम निवेश की. अब गोवा पुलिस अजय से लूथरा भाइयों के साथ हुई ट्रांजेक्शंस की जानकारी जुटाएगी.
हादसे के बाद विदेश भागे मालिक
आग लगने के बाद क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा देश छोड़कर थाईलैंड भाग गए. गोवा पुलिस ने उनके पासपोर्ट रद्द कराने के लिए रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को पत्र भेजा है. वहीं अन्य साझेदारों, जिनमें गुरुग्राम के अजय गुप्ता और ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला शामिल हैं, के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था.
ये भी पढ़ें-संसद में वंदे मातरम और चुनाव सुधार पर गरमा-गरमी, राहुल गांधी के हमले पर अमित शाह का आज पलटवार
कोर्ट में पेशी की तैयारी
पुलिस ने बताया कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अजय गुप्ता को क्राइम ब्रांच ऑफिस लाया गया है. अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोवा ले जाने की तैयारी है. संभावना है कि गोवा पुलिस आज ही उसे कोर्ट में पेश करेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

