Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-NCR में दमघोंटू हवा, प्रदूषण चरम पर, रेड जोन में पूरी दिल्ली

Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई है. कई इलाकों का AQI 400 के पार पहुंच गया है. GRAP-4 लागू होने के बावजूद प्रदूषण कम नहीं हो रहा और लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ गया है.

Delhi-NCR Pollution: दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है. प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा और हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं. सरकार की ओर से कई कदम उठाए गए हैं लेकिन हवा अब भी जहरीली है. सोमवार सुबह 6 बजे समीर ऐप के आंकड़ों के मुताबिक आनंद विहार का AQI 402, बवाना 408, मुंडका 400, नरेला 418 और रोहिणी में 400 दर्ज किया गया.

इन इलाकों में हवा की स्थिति गंभीर है, जिससे सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है. डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को घर के अंदर रहने और बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है.

दिल्ली-NCR में हवा में जहर

दिल्ली का ओवरऑल AQI 366 दर्ज किया गया है. मॉनिटरिंग स्टेशनों पर सुबह ज्यादातर इलाकों में AQI 300 से 400 के बीच रहा. वहीं नोएडा का AQI 352, गाजियाबाद 348 और गुरुग्राम 325 दर्ज किया गया. ये तीनों इलाके भी रेड जोन में हैं. प्रदूषण की घनी चादर से राजधानी की रफ्तार धीमी हो गई है. धुंध और स्मॉग के कारण दृश्यता कम हो गई है जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. सुबह और शाम के वक्त हालात और ज्यादा गंभीर हो जाते हैं. दूर से दिखने वाली इमारतें और स्मारक अब मुश्किल से नजर आ रहे हैं.

GRAP-4 लागू

राजधानी में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा चरण लागू कर दिया गया है. इसके तहत बीएस-6 मानकों से नीचे की गाड़ियों के दिल्ली में प्रवेश पर सख्त रोक है. साथ ही निर्माण कार्यों पर रोक, औद्योगिक गतिविधियों पर नियंत्रण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं ताकि प्रदूषण का स्तर कम किया जा सके.

ये भी पढ़ें-“मंत्री पद मेरे लिए बड़ी बात नहीं”… जीतन राम मांझी के बागी तेवर

ठंड और कोहरे का अलर्ट

दिल्ली में सर्दी भी लगातार बढ़ रही है. पिछले दो दिनों से ठंड का येलो अलर्ट जारी है. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी कोहरे का येलो अलर्ट दिया है. आज राजधानी का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ठंड और प्रदूषण के इस डबल असर से दिल्लीवासियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read