Bharat Express DD Free Dish

‘रुको वरना गोली मार देंगे…’ और फिर वही हुआ! गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा यूपी और दिल्ली

Police Encounter in Delhi and Kasganj: सर्द रात में उत्तर भारत गोलियों की आवाज से दहल उठा. एक तरफ यूपी के कासगंज में पुलिस ने कब्रिस्तान के पास घेराबंदी की, तो दूसरी तरफ दिल्ली के नरेला में 6 राउंड गोलियां चलीं. दोनों जगहों पर पुलिस का निशाना अचूक था.

Police Encounter in Delhi and Kasganj 3 Criminals Injured in Gunfight Arms Recovered

Police Encounter in Delhi and Kasganj: दिल्ली/कासगंज: देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कासगंज में बीते 24 घंटों के भीतर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है. पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इन अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल तीन शातिर अपराधी घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यूपी में जहां गौकशी के आरोपी को पुलिस ने अपने निशाने पर लिया, वहीं दिल्ली में गोलीबारी करने वाले शूटर्स को पुलिस ने धूल चटा दी.

कासगंज में पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक इनामी गौकश को घेर लिया, जबकि दिल्ली के नरेला में पुलिस ने उन बदमाशों को धर दबोचा जिन्होंने एक दिन पहले ही इलाके में दहशत फैलाई थी. दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों के पैरों में गोली मारी है.

कासगंज एनकाउंटर की पूरी रिपोर्ट (Police Encounter in Kasganj)

उत्तर प्रदेश के कासगंज में पटियाली कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी जब उन्होंने एक शातिर गौकश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. यह पूरा मामला पटियाली कोतवाली क्षेत्र के बाईपास स्थित कब्रिस्तान के पास का है. पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी गंजडुंडवारा की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया. खुद को घिरता देख बदमाश ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी.

आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश हिस्ट्रीशीटर बबलू पुत्र नौशे के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा. घायल बदमाश की पहचान शातिर गौकश बबलू (निवासी भरगैन) के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बबलू पर गौवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं. उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बदमाश से 1 अवैध तमंचा (315 बोर), 1 जिंदा कारतूस, 1 खोखा और 1 बाइक बरामद की गई है.

दिल्ली के नरेला में 6 राउंड फायरिंग (Police Encounter in Delhi)

यूपी के साथ-साथ दिल्ली में भी पुलिस का एक्शन मोड देखने को मिला. आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के नरेला इलाके में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. बताया जा रहा है कि जिन दो बदमाशों से पुलिस का सामना हुआ, उन्होंने एक दिन पहले ही नरेला में गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस को इनकी लोकेशन की खबर मिली थी, जिसके बाद जाल बिछाया गया. आमना-सामना होने पर बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं.

ये भी पढ़ें: दक्षिण भारत में हादसों की रात, तमिलनाडु और कर्नाटक में 20 से ज्यादा लोगों की मौत

मौके पर दोनों तरफ से करीब 6 राउंड फायरिंग हुई. गोलियों की तड़तड़ाहट के बाद जब धुआं छंटा तो दोनों बदमाश जमीन पर पड़े मिले. पुलिस की गोली दोनों बदमाशों (चंदन और अफजल) के पैरों में लगी है. गनीमत रही कि पुलिस टीम सुरक्षित है. घायल अवस्था में दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इन दोनों पर पहले से ही दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read