Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

दिल्ली में बिश्नोई गैंग के शूटरों का ‘तांडव; यमुना पुस्ता पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

राजधानी दिल्ली के लिए बीती रात किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं थी. पश्चिम विहार और विनोद नगर में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है.

Delhi Police Encounter

Delhi Police vs Bishnoi Gang: मुकेश राणा/दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर आई है, जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता मिली. असल में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटरों ने पूरी राजधानी को दहलाने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी एक न चल पाई. नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक सेल ने फिल्मी अंदाज वाले एनकाउंटर के बाद दोनों बदमाशों को दबोच लिया है.

एक रात, दो वारदातें

मामले की शुरुआत तब हुई जब राजधानी के पश्चिम विहार और विनोद नगर में ताबड़तोड़ फायरिंग की खबरें आईं. बताया जा रहा है कि इन शूटरों ने पहले पश्चिम विहार के एक जिम को निशाना बनाया और वहां दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलाईं. इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने विनोद नगर इलाके में भी फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया. वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच, नॉर्थ जिले की एंटी नारकोटिक सेल को एक पुख्ता जानकारी मिली. मुखबिर ने बताया कि फायरिंग करने वाले ये दोनों बदमाश लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर हैं और ये यमुना पुस्ता के रास्ते होते हुए हिरणकी की तरफ भागने की फिराक में हैं.

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान

जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी. हिरणकी के पास यमुना पुस्ता पर ट्रैप लगाया गया. जैसे ही पुलिस की टीम ने संदिग्ध स्कूटी को आते देखा और उन्हें रुकने का इशारा किया, आरोपियों ने खुद को घिरा पाकर पुलिस पर ही गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

मुठभेड़ कितनी खतरनाक थी, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि बदमाशों की एक गोली सीधे दिल्ली पुलिस के एक जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी. अगर जवान ने जैकेट न पहनी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक शूटर के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया.

लॉरेंस बिश्नोई के कट्टर शूटर

पकड़े गए बदमाशों के पास से दो पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई है. बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग हुई. शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि ये दोनों लॉरेंस बिश्नोई के कट्टर शूटर हैं और किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा हैं.

फिलहाल, नॉर्थ जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम इन दोनों से कड़ी पूछताछ कर रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि जिम पर फायरिंग के पीछे इनका असली मकसद क्या था. साथ ही, इनके बाकी साथियों और आने वाले समय में इनके क्या मंसूबे थे, इसकी भी जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: यह क्या हो गया! ED वालों पर ही हो गई रेड, दफ्तर के अंदर घुसी पुलिस

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026

Latest