रिपोर्ट- आशुतोष पाण्डेय
बिहार के आरा से एक ऐसी खबर आई है जिसने ना सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया हैं, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी चोट पहुंचाई है. जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गंगहर गांव में स्थित प्राचीन ‘ठाकुरबाड़ी’ (मंदिर) से चोरों ने अष्टधातु की बेहद कीमती चार मूर्तियों पर हाथ साफ कर दिया है. चोरी गई मूर्तियों में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं शामिल हैं.
दंग रह गए मंदिर के महंत
पूरी घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है. रोज की तरह मंदिर के महंत गंगा दास रात को खाना खाकर सो गए थे. सोमवार सुबह जब उनकी आंख खुली और वे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर के गर्भगृह की ओर बढ़े, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. सिंहासन से भगवान की चारों मूर्तियां गायब थीं. देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में बिजली की तरह फैल गई और मंदिर के बाहर ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा.
करोड़ों की कीमत और आस्था का सवाल
स्थानीय बुजुर्गों की मानें तो ये मूर्तियां काफी पुरानी थीं और अष्टधातु की होने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है. लेकिन ग्रामीणों के लिए यह सिर्फ पैसे का मामला नहीं है. गंगहर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक साथ चार प्रमुख विग्रहों का चोरी होना हमारी आस्था पर सीधा हमला है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने जल्द ही इन मूर्तियों को बरामद नहीं किया, तो ग्रामीण चुप नहीं बैठेंगे और बड़े आंदोलन की राह पकड़ेंगे.
जांच में सामने आई लापरवाही
वारदात की जानकारी मिलते ही आरा सदर एसडीपीओ राज कुमार शाह और प्रभारी थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शुरुआती तफ्तीश में पुलिस के हाथ एक चौंकाने वाली बात लगी है. पता चला है कि ठाकुरबाड़ी में प्रवेश के लिए कुल तीन दरवाजे हैं, लेकिन सुरक्षा के नाम पर किसी भी दरवाजे में ताला नहीं लगाया गया था. इसी लापरवाही का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी आसानी से इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस का क्या है कहना?
एसडीपीओ राज कुमार शाह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और फारेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजकर मूर्तियों को बरामद कर लिया जाएगा. फिलहाल, पूरे इलाके में इस चोरी को लेकर तनाव और आक्रोश का माहौल है. लोग बस यही दुआ कर रहे हैं कि उनके आराध्य जल्द से जल्द वापस मिल जाएं.
ये भी पढ़ें: नितिन नबीन का नाम तय! क्यों BJP ने दी कमान? जानें पूरा करियर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

