Kamaal R Khan Arrested: मुंबई पुलिस ने खुद को फिल्म क्रिटिक बताने वाले एक्टर कमाल आर खान, जिन्हें दुनिया KRK के नाम से जानती है, उन्हें हिरासत में ले लिया है. मामला काफी गंभीर है और सीधे-सीधे फायरिंग से जुड़ा है. आरोप है कि 18 जनवरी को अंधेरी के ओशिवारा इलाके में एक रिहायशी बिल्डिंग पर चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसकी कड़ियां अब सीधे केआरके से जुड़ती नजर आ रही हैं.
क्या है पूरा मामला?
ओशिवारा पुलिस की एक टीम ने जब केआरके से इस बारे में पूछताछ की, तो उन्होंने अपनी गलती मान ली. पूछताछ के दौरान उन्होंने कुबूल किया कि फायरिंग उनकी ही लाइसेंसी बंदूक से हुई थी. पुलिस ने वह हथियार भी बरामद कर लिया है जिससे गोलियां चली थीं. हालांकि, केआरके ने पुलिस के सामने जो सफाई दी है, वो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है.
KRK ने दी ये दलील
केआरके ने पुलिस को बताया कि उनका इरादा किसी को नुकसान पहुंचाना या डराना-धमकाना बिल्कुल नहीं था. उनके मुताबिक, वह बस अपनी बंदूक की सफाई कर रहे थे. सफाई के बाद उन्हें चेक करना था कि गन सही से काम कर रही है या नहीं. इसके लिए उन्होंने अपने घर के सामने बने विशाल मैंग्रोव के इलाके को चुना.
केआरके का कहना है कि उन्होंने सोचा था कि गोलियां जंगल के पेड़ों के बीच कहीं खो जाएंगी. लेकिन उनका दावा है कि उस वक्त हवा इतनी तेज थी कि गोलियों की दिशा बदल गई और वे मैंग्रोव को पार करते हुए ओशिवारा की एक रिहायशी बिल्डिंग में जा घुसीं.
ये भी पढ़ें- पराक्रम दिवस 2026: बड़े पर्दे से वेब सीरीज तक, सिनेमा में अमर रही नेताजी सुभाष चंद्र बोस की गाथा
बाल-बाल बचे लोग
भले ही केआरके इसे एक ‘हादसा’ बता रहे हों, लेकिन ये कितना खतरनाक हो सकता था, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गोलियां जिस बिल्डिंग में लगीं, वहां कई लोग मौजूद थे. रिपोर्ट के मुताबिक, उसी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर राइटर-डायरेक्टर नीरज कुमार मिश्रा (45) रहते हैं, जबकि चौथी मंजिल पर मॉडल प्रतीक वैद (29) का निवास है.
शुरुआत में पुलिस के पास कोई सुराग नहीं था कि ये गोलियां कहां से और किसने चलाईं. लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, शक की सुई केआरके की ओर घूमी. आखिरकार, पुलिस ने उन्हें उनके स्टूडियो से हिरासत में ले लिया.
अब आगे क्या?
फिलहाल पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. रिहायशी इलाके में इस तरह से फायरिंग करना, भले ही वह ‘टेस्ट’ के नाम पर हो, एक बड़ा अपराध है. मुंबई पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वाकई यह सिर्फ एक लापरवाही थी या इसके पीछे की कहानी कुछ और है.
जल्द ही केआरके को कोर्ट में पेश किया जा सकता है. अब देखना यह होगा कि ‘हवा के झोंके’ वाली उनकी ये दलील कानून के सामने टिक पाती है या नहीं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


