Urdu Conclave 2026

मुजफ्फरनगर में BLO का आत्महत्या का प्रयास, स्कूल परिसर में खाया जहर, हालत गंभीर

UP BLO suicide attempt: मुजफ्फरनगर में मानसिक तनाव से जूझ रहे BLO ने स्कूल में जहरीले पदार्थ का सेवन किया, हालत गंभीर, मेरठ मेडिकल रेफर किया गया है.

BLO poisoning case

रिपोर्टर- नीरज त्यागी


UP BLO suicide attempt: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है. यहां मानसिक तनाव से जूझ रहे एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने स्कूल परिसर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया. घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव किनौनी की बताई जा रही है. पीड़ित की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.

मानसिक तनाव के चलते BLO ने लिया जहर

जानकारी के अनुसार, गांव किनौनी निवासी 54 वर्षीय अनुजवीर बालियान गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं. करीब एक माह पूर्व उनकी ड्यूटी SIR प्रक्रिया के तहत बीएलओ के रूप में लगाई गई थी. परिजनों का कहना है कि तभी से वह लगातार मानसिक तनाव में थे. हालांकि परिवार में किसी भी प्रकार के पारिवारिक विवाद की बात से परिजन इनकार कर रहे हैं. उनका कहना है कि अनुजवीर स्वभाव से बेहद शांत व्यक्ति थे.

परिजनों के मुताबिक, 2 फरवरी को अनुजवीर मुजफ्फरनगर सदर तहसील गए थे. वहां से लौटने के बाद वह बिना किसी को बताए सीधे स्कूल पहुंचे. स्कूल पहुंचकर उन्होंने एक कक्षा का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और जहरीले पदार्थ का सेवन किया. कुछ समय बाद स्कूल स्टाफ को शक हुआ, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अनुजवीर को बाहर निकाला. उस समय वह अचेत अवस्था में पड़े हुए थे. उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से देर रात हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

सुसाइड नोट में क्या है?

बताया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ सेवन करने से पहले अनुजवीर ने एक पत्र भी लिखा था, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में एसडीएम मुख्यालय राहुल देव भट्ट ने फोन पर बताया कि पत्र की जांच की जा रही है. पत्र में कुछ लोगों पर दबाव और गलत काम करवाने के आरोप लगाए गए हैं, हालांकि पूरे मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.


ये भी पढ़ें: मां ने 20 रुपये मांगे… बेटे ने दिया 30 रुपये और रोते-रोते घर से निकला, सुबह जंगल में नीम के पेड़ से लटका मिला शव


वहीं पीड़ित की भाभी बेबी कुमारी ने आरोप लगाया कि बीएलओ ड्यूटी के दौरान वोटर लिस्ट और कागजात को लेकर कुछ लोगों द्वारा अनुजवीर को लगातार परेशान किया जा रहा था और धमकियां भी दी गई थीं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read