रिपोर्ट- शकील अहमद सिद्दीकी
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के थाना जियावन अंतर्गत ग्राम लोहरा में जादू-टोने के शक में दो लोगों की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. इस सनसनीखेज वारदात में बीच-बचाव करने आई तीन महिलाएं भी घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.
जादू-टोना से दो लोगों की मौत?
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि गांव के ही 21 वर्षीय युवक छत्रपति सिंह गोड ने जादू-टोने के संदेह में इस वारदात को अंजाम दिया. मृतकों की पहचान फूल कुमारी सिंह और केमला पिता बलदेव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी को शक था कि मृतक उसके खिलाफ जादू-टोना कर रहे थे, इसी बात को लेकर उसने हमला कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही जियावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
पुलिस कर रही जांच
वारदात के बाद गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में भारी बल तैनात कर दिया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो. कुंडवार चौकी और जियावन थाने की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हुई है.
पुलिस ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
