मुंबई कस्टम्स ने एक अनोखी तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है. 10 फरवरी 2026 को एयरपोर्ट कमिश्नरेट मुंबई कस्टम्स जोन-थर्ड के अधिकारियों ने वर्जिन अटलांटिक एयरलाइंस की फ्लाइट वीएस-354 से लंदन पहुंचे एक यात्री से पुराने सोने और चांदी के दुर्लभ सिक्के जब्त किए.
यह कार्रवाई ड्यूटी के दौरान की गई, जिसमें यात्री ने इन सिक्कों को छिपाकर लाने की कोशिश की थी. जब्त किए गए सिक्कों में तीन खास आइटम शामिल हैं. पहला है 12.37 ग्राम वजन का सोने का गोल्ड मोहर, जो ईस्ट इंडिया कंपनी के बंगाल प्रेसीडेंसी का है. यह मुर्शिदाबाद मिंट से जारी किया गया था और शाह आलम द्वतीय के नाम पर एएच 1202/आरवाय 19 अंकित है.
वहीं, दूसरा सिक्का 8.00 ग्राम का सोने का दीनार है, जो प्राचीन कुषाण साम्राज्य का है और हुविष्क राजा के समय का बताया जाता है. तीसरा है 11.44 ग्राम का चांदी का रुपया, जो मुगल सम्राट जहांगीर के काल का है. इसमें कर्क राशि का चिन्ह और अहमदाबाद मिंट का निशान मौजूद है.
दुर्लभ गोल्ड मोहर और दीनार जब्त
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ये सिक्के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के हैं, इसलिए इन्हें बिना घोषणा के लाना भारतीय कस्टम नियमों और पुरातत्व कानूनों का उल्लंघन है. अधिकारियों ने यात्री की जांच के दौरान इन सिक्कों की खोज की और उन्हें जब्त कर लिया.
मुंबई कस्टम्स के अधिकारियों ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है. यात्री से पूछताछ की जा रही है कि ये सिक्के कहां से लाए गए और उनका मकसद क्या था.
कस्टम्स टीम की मुस्तैदी से ऐसी तस्करी की कोशिशें बार-बार नाकाम हो रही हैं, जो यात्रियों के लिए भी चेतावनी है कि पुरानी चीजें या कीमती सामान बिना नियमों के न लाएं. मामले की जांच जारी है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- MP के सिंगरौली में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा, जादू-टोने के शक में दो की हत्या; आरोपी गिरफ्तार
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

