Bharat Express DD Free Dish

गांव से शहर तक… रेडियो ही सबकी भरोसेमंद आवाज; विश्व रेडियो दिवस पर PM Modi

विश्व रेडियो दिवस पर पीएम मोदी ने रेडियो को सुदूर गांवों और शहरों की ‘भरोसेमंद आवाज’ बताया. उन्होंने #MannKiBaat के जरिए इस माध्यम की सामाजिक शक्ति को साझा किया और 22 फरवरी के कार्यक्रम के लिए देशवासियों से सुझाव मांगे हैं.

PM Modi Tweet on World Radio Day

ये फोटो एआई द्वारा बनाई गई है.

विश्व रेडियो दिवस (World Radio Day) के खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो की ताकत को सलाम किया है. पीएम मोदी ने इस माध्यम को देश के सुदूर गांवों से लेकर चमकते शहरों तक की ‘भरोसेमंद आवाज’ करार दिया. उन्होंने न केवल इस क्षेत्र से जुड़े लोगों की तारीफ की, बल्कि अपने मशहूर कार्यक्रम ‘मन की बात’ का जिक्र करते हुए देशवासियों से आगामी एपिसोड के लिए सुझाव भी मांगे हैं.

लोगों की विश्वसनीय आवाज: PM Modi

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी भावनाओं को साझा करते हुए लिखा, ‘विश्व रेडियो दिवस उस माध्यम का जश्न मनाने का दिन है जो दूरदराज के गांवों से लेकर हलचल भरे शहरों तक, लोगों की विश्वसनीय आवाज है. वर्षों से, रेडियो समय पर जानकारी पहुंचाता रहा है, प्रतिभा को निखारता रहा है और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करता रहा है. यह दिन इस माध्यम से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों को सम्मानित करने का दिन है.

पीएम मोदी ने आगे लिखा कि #MannKiBaat के माध्यम से, मैंने रेडियो की उस क्षमता को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया है जो हमारे लोगों की सामाजिक शक्ति को उजागर करती है. इस महीने का कार्यक्रम रविवार, 22 फरवरी को प्रसारित होगा. कार्यक्रम के लिए अपने सुझाव अवश्य साझा करें.”

क्यों खास है रेडियो दिवस?

आज के डिजिटल और स्मार्टफोन वाले दौर में भी रेडियो अपनी जगह मजबूती से बनाए हुए है. 13 फरवरी को पूरी दुनिया में ‘विश्व रेडियो दिवस’ मनाया जाता है. इस साल (2026) की थीम “रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस: AI एक उपकरण है, आवाज नहीं” रखी गई है, जो यह बताती है कि तकनीक चाहे कितनी भी बदल जाए, रेडियो की इंसानी संवेदना और इसकी विश्वसनीयता का कोई मुकाबला नहीं है.

भारत जैसे विशाल देश में रेडियो सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह आपदा के समय सबसे बड़ा सहारा बनता है. जब इंटरनेट और टीवी सिग्नल फेल हो जाते हैं, तब रेडियो ही वह माध्यम होता है जो लोगों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाता है.

‘मन की बात’ और रेडियो का गहरा नाता

प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में जब ‘मन की बात’ की शुरुआत की थी, तब बहुत से लोगों को लगा था कि इस दौर में रेडियो को कौन सुनेगा? लेकिन पीएम मोदी ने रेडियो को देश के कोने-कोने तक पहुंचने का जरिया बना दिया. आज यह कार्यक्रम न केवल सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाता है, बल्कि देश के गुमनाम नायकों की कहानियों को भी सबके सामने लाता है.

इस बार 22 फरवरी को होने वाले एपिसोड के लिए पीएम मोदी ने जनता से भागीदारी की अपील की है. अगर आपके पास भी कोई ऐसा मुद्दा या सुझाव है जिसे आप चाहते हैं कि प्रधानमंत्री अपनी चर्चा में शामिल करें, तो आप MyGov पोर्टल या 1800-11-7800 पर डायल करके अपना संदेश रिकॉर्ड करा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: Karmayoga In Action: मीडियाकर्मियों के लिए दिल्‍ली में 13 फरवरी को ब्रह्माकुमारीज़ का कार्यक्रम, CMD उपेन्‍द्र राय करेंगे शिरकत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read