Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में बेटियों की चांदी! खाते में आएंगे 1 लाख, क्या लखपति बिटिया योजना? 3 बड़ी सौगात

Delhi Government Schemes: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और CM रेखा गुप्ता ने दिल्ली में ‘लखपति बिटिया योजना’, ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ और मुफ्त LPG सिलेंडर योजना लॉन्च की है. जानिए इन योजनाओं के फायदे और गणित

Delhi Government Schemes

Delhi Government Schemes: आज दिल्ली की महिलाओं और बेटियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ सहित कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया है. इन योजनाओं का सीधा मकसद दिल्ली की नारी शक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है.

क्या है ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’? (Delhi Lakhpati Bitiya Yojana)

बेटियों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरू की गई यह योजना दिल्ली सरकार की सबसे बड़ी पहल मानी जा रही है. इस योजना के तहत हर पात्र बालिका के नाम पर सरकार कुल 56,000 रुपये जमा करेगी. जब बेटी 21 वर्ष की आयु पूरी कर लेगी, तो यह राशि ब्याज सहित 1 लाख रुपये से अधिक हो जाएगी. योजना पूरी तरह डिजिटल है और पैसा सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा, जिससे उच्च शिक्षा और भविष्य की जरूरतों के लिए बेटियों के पास एक मजबूत वित्तीय आधार होगा.

‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ (Saheli Pink Smart Card Delhi)

दिल्ली की महिलाओं के लिए परिवहन के क्षेत्र में भी बड़ी सौगात दी गई है. राष्ट्रपति मुर्मु ने ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ लॉन्च किया है. इस कार्ड के जरिए महिलाएं डीटीसी (DTC) की सिटी बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी. यह एक स्मार्ट टच-फ्री कार्ड होगा, जिसे बस, मेट्रो और आरआरटीएस (RRTS) तीनों में इस्तेमाल किया जा सकेगा. सुविधा और जरूरत के अनुसार पिंक, ब्लू और ऑरेंज तीन तरह के कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे.

त्योहारों पर 2 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर (Free LPG Cylinder Delhi)

मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों के रसोई के बजट को राहत देते हुए दिल्ली सरकार ने मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना का भी औपचारिक आगाज किया है. दिल्ली के लगभग 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को हर साल होली और दिवाली के अवसर पर एक-एक यानी कुल दो मुफ्त सिलेंडर मिलेंगे. सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर की राशि ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (DBT) के जरिए परिवार के मुखिया के बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी.

ये भी पढ़ें: ‘हर अन्याय पर समान संवेदनशीलता जरूरी’, चयनात्मक आक्रोश पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का सवाल

दिल्ली में महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, ये योजनाएं केवल वित्तीय सहायता नहीं हैं, बल्कि दिल्ली की बेटियों के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की गारंटी हैं. लखपति बिटिया योजना जहाँ उच्च शिक्षा की राह आसान करेगी, वहीं पिंक स्मार्ट कार्ड कामकाजी महिलाओं और छात्राओं के आवागमन को सुगम बनाएगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read