Gold Silver Price Today: अगर आप शादी-ब्याह के सीजन के लिए गहने खरीदने की सोच रहे थे, तो आज की खबर आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है. सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों ने ऐसी छलांग लगाई है कि बड़े-बड़े निवेशक भी हैरान हैं. शुरुआती कारोबार में ही चांदी की चमक इतनी बढ़ी कि यह 8,700 रुपये से ज्यादा महंगी हो गई, वहीं सोने की कीमतों में भी 1,600 रुपये का जोरदार उछाल देखने को मिला.
बाजार में आज क्या हुआ?
आंकड़ों पर गौर करें तो चांदी पिछले सत्र में 2,65,560 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन आज सुबह यह सीधे 2,69,900 रुपये पर खुली. देखते ही देखते कारोबार के दौरान चांदी 2,74,251 रुपये के स्तर तक जा पहुंची. हालांकि, बाद में मामूली स्थिरता आई, लेकिन फिर भी यह 2,70,012 रुपये के आसपास ट्रेड करती दिखी, जो कि कल के मुकाबले करीब 1.68% की भारी बढ़त है.
सोने का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा. 10 ग्राम सोने का भाव, जो कल 1,61,525 रुपये था, आज 1,62,750 रुपये पर ओपन हुआ. देखते ही देखते यह 1,63,142 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया. फिलहाल बाजार में यह 1,62,157 रुपये के आसपास बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- पोस्ट ऑफिस की इस स्कीम में एफडी से भी बेहतर रिटर्न; 2 लाख जमा करें पाएं तगड़ा ब्याज, जानें कैसे करना होगा निवेश
क्यों लगी है बाजार में ये ‘आग’?
इस अचानक आई तेजी के पीछे कोई एक वजह नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय हालातों का एक बड़ा जाल है. सबसे बड़ा कारण अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है. जब भी दुनिया में युद्ध जैसी स्थिति बनती है, तो शेयर बाजार गिरने लगता है और लोग अपनी गाढ़ी कमाई को बचाने के लिए सोने-चांदी की तरफ भागते हैं. इसे सुरक्षित निवेश माना जाता है.
इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर का कमजोर होना भी सोने के लिए संजीवनी का काम कर रहा है. जब डॉलर सुस्त होता है, तो भारत जैसे देशों के लिए सोना खरीदना सस्ता पड़ता है, जिससे मांग बढ़ जाती है. वहीं, युद्ध की आशंका से कच्चे तेल की सप्लाई पर भी असर पड़ा है. तेल महंगा होने का सीधा मतलब है महंगाई बढ़ना, और जब-जब महंगाई बढ़ती है, सोने की कीमतें आसमान छूने लगती हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

