Bharat Express DD Free Dish

T20 World Cup Final: क्या फाइनल में कटेगा वरुण चक्रवर्ती का पत्ता? प्रैक्टिस सेशन से आए चौंकाने वाले संकेत

इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में महंगे साबित हुए वरुण चक्रवर्ती की जगह अब खतरे में है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रैक्टिस के दौरान कुलदीप यादव की तैयारियों ने संकेत दिए हैं कि वे फाइनल की प्लेइंग-11 में वापसी कर सकते हैं.

T20 World Cup 2026, IND vs NZ, Varun Chakaravarthy

T20 World Cup Final: वानखेड़े स्टेडियम की वो रात कोई क्रिकेट प्रेमी नहीं भूल सकता, जब टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने 253 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था. स्कोर देखकर लगा था कि जीत पक्की है, लेकिन इंग्लैंड ने जिस तरह से पलटवार किया, उसने भारतीय फैंस की सांसें अटका दी थीं. भारत 7 रन से जीतकर फाइनल में तो पहुंच गया, लेकिन उस हाई-वोल्टेज मैच ने टीम के ‘मिस्ट्री स्पिनर’ वरुण चक्रवर्ती की साख पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है. अब हालत यह है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले महामुकाबले में उनकी जगह खतरे में नजर आ रही है.

अहमदाबाद में प्रैक्टिस के दौरान क्या हुआ?

आज रविवार, 8 मार्च को फाइनल की जंग होनी है. लेकिन शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रैक्टिस के दौरान जो नजारा दिखा, उसने कयासों के बाजार को गर्म कर दिया है. आमतौर पर देखा जाता है कि वरुण चक्रवर्ती प्रैक्टिस सेशन शुरू होते ही नेट्स पर पसीना बहाना शुरू कर देते हैं. मगर इस बार नजारा कुछ अलग था. एक रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण नेट्स पर गेंदबाजी करने के बजाय काफी देर तक ड्रिंक्स बॉक्स पर बैठकर बाकी खिलाड़ियों को देखते रहे.

हैरानी की बात यह रही कि उनकी जगह बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव को नेट्स पर शुरुआत में ही उतार दिया गया, जहां वे रिंकू सिंह को गेंदबाजी कर रहे थे. यहां तक कि तिलक वर्मा ने भी हाथ आजमाया, लेकिन वरुण किनारे ही बैठे रहे. हालांकि बाद में उन्होंने सिंगल स्टंप के सामने कुछ गेंदें फेंकी और बॉलिंग कोच मॉर्ने मॉर्कल से लंबी गुफ्तगू की, पर उनकी बॉडी लैंग्वेज ने प्लेइंग-11 को लेकर कई इशारे कर दिए हैं.

चिंता का सबब बनी वरुण की इकोनॉमी

टूर्नामेंट की शुरुआत में जब 7 फरवरी को टीम इंडिया ने अपना अभियान शुरू किया था, तब माना जा रहा था कि जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती की जोड़ी विपक्षी टीमों के लिए काल साबित होगी. ग्रुप स्टेज तक यह सच भी साबित हुआ; वरुण ने 4 मैचों में 9 विकेट चटकाए. लेकिन जैसे ही टूर्नामेंट सुपर-8 और नॉकआउट राउंड में पहुंचा, वरुण की ‘मिस्ट्री’ बल्लेबाजों ने सुलझा ली.

पिछले चार मैचों के आंकड़े डराने वाले हैं:

साउथ अफ्रीका: 4 ओवर में 47 रन

जिम्बाब्वे: 4 ओवर में 35 रन

वेस्टइंडीज: 4 ओवर में 40 रन

इंग्लैंड (सेमीफाइनल): 4 ओवर में 64 रन

पिछले 16 ओवरों में उन्होंने 186 रन लुटाए हैं, यानी उनकी इकोनॉमी 11.50 के पार पहुंच गई है. टी20 फॉर्मेट में इतने रन लुटाना किसी भी गेंदबाज के लिए चिंता की बात है, खासकर तब जब सामने खिताबी मुकाबला हो.

क्या कुलदीप यादव को मिलेगा मौका?

कप्तान सूर्यकुमार यादव भले ही मीडिया के सामने कह रहे हों कि उन्हें वरुण की काबिलियत पर पूरा भरोसा है, लेकिन हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है. कुलदीप यादव ने इस वर्ल्ड कप में अब तक सिर्फ एक मैच (पाकिस्तान के खिलाफ) खेला है, जिसमें उन्होंने 14 रन देकर 1 विकेट लिया था. उनकी कसी हुई गेंदबाजी और बड़े मैचों का अनुभव उन्हें फाइनल के लिए मजबूत दावेदार बनाता है.

ये भी पढ़ें- टीम इंडिया ने पिछली हार से लिया सबक, अहमदाबाद वर्ल्ड कप फाइनल में खास पिच पर होगा खिताबी मुकाबला, क्या है खास?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read