Bharat Express DD Free Dish

IND vs NZ Final: क्या अभिषेक शर्मा दोहराएंगे विराट कोहली का 2024 वाला करिश्मा? फ्लॉप शो के बाद ‘महामुकाबले’ में धमाके की उम्मीद

अभिषेक शर्मा के लिए यह वर्ल्ड कप अब तक किसी बुरे सपने जैसा रहा है, लेकिन क्रिकेट पंडितों को उनमें 2024 के विराट कोहली की छवि दिख रही है. जानें क्यों अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभिषेक शर्मा का बल्ला गरजने की पूरी संभावना है.

Abhishek Sharma, Virat Kohli, T20 World Cup 2026

T20 World Cup Final: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज जब टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला शुरू होगा, तो करोड़ों भारतीय फैंस की नजरें एक ऐसे खिलाड़ी पर टिकी होंगी जिसने इस पूरे टूर्नामेंट में अब तक निराश किया है. हम बात कर रहे हैं युवा ओपनर अभिषेक शर्मा की.

अभिषेक के लिए यह वर्ल्ड कप अब तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है, लेकिन क्रिकेट के गलियारों में एक चर्चा बड़ी जोर-शोर से चल रही है- क्या अभिषेक शर्मा आज वही करिश्मा दोहराएंगे जो 2024 के फाइनल में विराट कोहली ने किया था?

विराट कोहली वाला वो ‘फ्लैशबैक’

याद कीजिए 2024 का टी20 वर्ल्ड कप. विराट कोहली पूरे टूर्नामेंट में रनों के लिए जूझ रहे थे. उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे और आलोचक उनकी जगह पर सवाल उठा रहे थे. लेकिन फिर आया फाइनल का दिन. कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उस महामुकाबले में सूझबूझ भरी पारी खेली, टीम को संकट से निकाला और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनकर भारत को विश्व विजेता बनाया. आज ठीक वैसी ही स्थिति अभिषेक शर्मा की है. अभिषेक ने इस टूर्नामेंट में अब तक महज 85 रन बनाए हैं और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी वह सिर्फ 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे.

आलोचनाओं के बीच टीम मैनेजमेंट का ‘ब्रह्मास्त्र’

सोशल मीडिया पर अभिषेक की ‘बिंदास’ बैटिंग को ‘हेडलेस बैटिंग’ कहा जा रहा है. फैंस और पूर्व क्रिकेटर सवाल उठा रहे हैं कि क्या फाइनल जैसे बड़े मैच में अभिषेक को मौका देना सही है? लेकिन कप्तान सूर्या और कोच गौतम गंभीर का भरोसा उन पर कायम है. इसके पीछे दो ठोस वजहें हैं.

सबसे पहली वजह है कि कीवी टीम के गेंदबाजों के खिलाफ अभिषेक का पुराना रिकॉर्ड काफी आक्रामक रहा है. वह स्पिनर्स और पेसर्स दोनों को बराबर खेलने की काबिलियत रखते हैं.

इसके अलावा नरेंद्र मोदी स्टेडियम की बाउंड्री और वहां की सपाट पिच अभिषेक जैसे ‘पावर हिटर’ के लिए जन्नत मानी जाती है. यहां वह एक बार सेट हो गए, तो कीवी गेंदबाजों की खैर नहीं.

ये भी पढ़ें- T20 World Cup Final: क्या फाइनल में कटेगा वरुण चक्रवर्ती का पत्ता? प्रैक्टिस सेशन से आए चौंकाने वाले संकेत

अभिषेक के पास इतिहास रचने का मौका

क्रिकेट में अक्सर कहा जाता है कि बड़े खिलाड़ी बड़े मैच के लिए अपना बेस्ट बचाकर रखते हैं. अभिषेक शर्मा जानते हैं कि अगर आज उनके बल्ले से 50-60 रनों की एक तूफानी पारी निकलती है, तो पिछले सारे फ्लॉप शो भुला दिए जाएंगे. वह न केवल विराट कोहली के उस ऐतिहासिक कमबैक की याद ताजा करेंगे, बल्कि भारत को लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी दिलाने में सबसे बड़े हीरो साबित हो सकते हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read