Bharat Express DD Free Dish

क्या ईरान ने बहरीन में अमेरिकी अधिकारियों के होटल पर किया ड्रोन हमला? जानें वायरल वीडियो का सच

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने बहरीन में अमेरिकी अधिकारियों के होटल पर ड्रोन हमला किया. फैक्ट चेक में यह दावा फर्जी निकला, वीडियो यूक्रेन का है.

Iran Israel Conflict Fact check on fake claim video

Iran Israel Conflict Fact Check: मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव ने पूरी दुनिया की धड़कनें बढ़ा रखी हैं. युद्ध के मैदान में तो बारूद बरस ही रहा है, लेकिन सोशल मीडिया पर भी अफवाहों की भारी बमबारी हो रही है. इसी बीच एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक आत्मघाती ड्रोन को एक ऊंची इमारत से टकराते और भीषण विस्फोट करते देखा जा सकता है. दावा किया जा रहा है कि ईरान ने बहरीन में उस होटल को निशाना बनाया है, जहां अमेरिकी अधिकारी ठहरे हुए थे.

लेकिन क्या वाकई बहरीन में ऐसा कोई हमला हुआ है? आइए जानते हैं.

क्या हो रहा है वायरल?

एक्स से लेकर फेसबुक तक, कई यूजर्स इस वीडियो को शेयर करते हुए लिख रहे हैं, “ईरान का बहरीन पर बड़ा हमला, अमेरिकी अधिकारियों के आवास वाले होटल को ड्रोन से उड़ाया.”

Iran Israel Conflict Fact check on fake claim video screenshot

वहीं, कई यूजर्स के पोस्ट को हजारों बार देखा जा चुका है और लोग इसे ईरान की बड़ी कार्रवाई मानकर शेयर कर रहे हैं.

जांच में सच आया सामने

जब हमने इस वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च के जरिए खंगाला, तो हकीकत सामने आ गई. यह वीडियो न तो बहरीन का है और न ही इसका ईरान-इजरायल युद्ध से कोई लेना-देना है. दरअसल, यह फुटेज यूक्रेन की राजधानी कीव (Kyiv) की है.

इंस्टाग्राम के एक यूजर ने ये वीडियो 9 जनवरी 2026 को ही पोस्ट किया किया था. पोस्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, ये कीव के ‘पोजन्याकी’ इलाके की एक आवासीय इमारत पर हुए हमले का वीडियो है.

साथ ही यही वीडियो यूक्रेन की न्यूज एजेंसी ने भी 10 जनवरी को एअपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था. इसमें साफ बताया गया है कि यह एक रूसी ड्रोन द्वारा यूक्रेन की रिहायशी बिल्डिंग पर किया गया हमला था.

वहीं, अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने भी 9 जनवरी 2026 को इस घटना की रिपोर्ट पब्लिश की थी. रिपोर्ट के अनुसार, उस रात कीव पर हुए रूसी ड्रोन हमलों में 4 लोगों की मौत हुई थी और करीब 19 लोग घायल हुए थे.

इस जांच से ये साफ हो जाता है कि वायरल हो रहा वीडियो ईरान-इजरायल/अमेरिका के बीच बने तनाव से काफी पहले का ह. साथ ही इसके साथ किया जा रहा दावा भ्रामक और झूठा है. इसलिए किसी भी वीडियो पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई की पहचान जरूर करें.

ये भी पढ़ें: क्या ईरानी हमले में नेतन्याहू के भाई और इजरायली मंत्री की हो गई मौत? जानें सोशल मीडिया पर वायरल दावे का सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read