Madhu Malhotra Passes Away: 80 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा अब हमारे बीच नहीं रहीं. शुक्रवार को मुंबई में 71 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली. खबरों के मुताबिक, मधु लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रही थीं और उनकी पहचान एक ऐसी अभिनेत्री के रूप में थी जिन्होंने अपनी छोटी लेकिन प्रभावशाली भूमिकाओं से दर्शकों के दिल में जगह बनाई.
‘लम्बी जुदाई’ की वो यादें
जब भी फिल्म ‘हीरो’ (1983) का जिक्र होता है, तो रेशमा की आवाज में सजा वह सदाबहार गाना ‘लम्बी जुदाई’ जेहन में अपने आप तैरने लगता है. पर्दे पर उस दर्द और विरह को जिस अदाकारा ने अपनी भावुक एक्टिंग और रंग-बिरंगे जिप्सी लिबास में जीवंत किया था, वह मधु मल्होत्रा ही थीं.
भले ही फिल्म के नायक जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी शेषाद्रि थे, लेकिन उस एक गाने ने मधु को हमेशा के लिए अमर कर दिया. आज भी जब यह गाना बजता है, तो उनका चेहरा आंखों के सामने आ जाता है.

‘सत्ते पे सत्ता’ की वो चुलबुली जोड़ी
मधु मल्होत्रा ने अपने करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उन्होंने राज सिप्पी की सुपरहिट फिल्म ‘सत्ते पे सत्ता’ (1982) में सात बहुओं में से एक का किरदार निभाया था. इस फिल्म में उनकी जोड़ी मशहूर कॉमेडियन पेंटल के साथ थी. दर्शकों ने उस दौर में उनकी सादगी और स्क्रीन प्रेजेंस को काफी पसंद किया था.
सुभाष घई की फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा
शो-मैन सुभाष घई के साथ मधु का खास जुड़ाव था. उन्होंने घई की कई बड़ी फिल्मों जैसे ‘विश्वनाथ’, ‘कर्ज’ और ‘विधाता’ में छोटी लेकिन यादगार भूमिकाएं निभाईं. इसके अलावा, वह ‘मौसम मस्ताना’ जैसे गानों में अपनी मुस्कुराहट बिखेरती नजर आईं. 90 के दशक में उन्होंने मोहन भाकरी की हॉरर फिल्मों, जैसे ‘खूनी मुर्दा’ और ‘रूहानी ताकत’ में भी काम किया, जिससे यह पता चलता है कि वह हर तरह के सिनेमा के लिए खुद को ढालने में माहिर थीं.
ये भी पढ़ें- …तो 1 हफ्ते में आपकी स्मोकिंग छूट जाएगी! अरशद वारसी ने बताया सिगरेट की लत से छुटकारा पाने का सीक्रेट
फिल्म जगत में शोक की लहर
उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही फिल्म जगत के पुराने साथियों ने उन्हें याद किया. ‘गदर’ फेम निर्देशक अनिल शर्मा, जिन्होंने मधु के साथ फिल्म ‘श्रद्धांजलि’ (1981) में काम किया था, उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि मधु एक बेहद प्रोफेशनल और नेक दिल इंसान थीं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



