Urdu Conclave 2026

बंगाल चुनाव से पहले ममता का मास्टरस्ट्रोक! 10 प्रतिज्ञाओं से साधे सभी वर्ग, महिलाओं-युवाओं-किसानों को बड़ी राहत

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने 10 बड़ी प्रतिज्ञाओं का ऐलान किया. महिलाओं, युवाओं, किसानों और बुजुर्गों के लिए नई योजनाओं और आर्थिक मदद का वादा किया गया.

TMC Election Manifesto

West Bengal Election 2026: देश में चल रहे चुनावी माहौल के बीच पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आई है. सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले अपना घोषणा पत्र जारी किया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने इस शपत्र-पत्र में अपनी 10 ‘प्रतिज्ञाएं’ प्रस्तुत की हैं.

सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह बंगाल के लिए अपनी 10 “प्रतिज्ञाएं” पेश कर रही हैं, ताकि उनकी सरकार के चौथे कार्यकाल में विकास लगातार आगे बढ़ता रहे.

महिलाओं के लिए बड़ी सौगात

सबसे पहले, ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली हर महीने की आर्थिक मदद बढ़ाई जाएगी. सामान्य वर्ग की महिलाओं को अब 1,500 रुपये (सालाना 18,000) और एससी/एसटी वर्ग की महिलाओं को 1,700 रुपये (सालाना 20,400) मिलेंगे. इसमें 500 रुपये की बढ़ोतरी शामिल है. इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है.

युवा और किसान के लिए क्या?

दूसरी बड़ी घोषणा ‘बांग्लार युवा-साथी’ योजना को जारी रखने की है. इसके तहत बेरोजगार युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये (सालाना 18,000) दिए जाएंगे, ताकि उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके. किसानों के लिए 30,000 करोड़ रुपये का ‘कृषि बजट’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इससे किसानों को मदद मिलेगी, खासकर भूमिहीन किसानों को सहारा मिलेगा और खेती के क्षेत्र में सुधार होगा.

घर-स्वास्थय-शिक्षा पर जोर

इसके अलावा हर परिवार को पक्का घर और हर घर तक पाइप से पीने का पानी पहुंचाने का वादा किया गया है. स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ‘द्वारे चिकित्सा’ शिविर हर ब्लॉक और शहर में लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को घर के पास इलाज मिल सके. शिक्षा के क्षेत्र में ‘बांग्लार शिक्षायतन’ के तहत सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाया जाएगा.

व्यापार हब बनेगा बंगाला

आर्थिक विकास के लिए बंगाल को पूर्वी भारत का बड़ा व्यापार केंद्र बनाने की योजना है. इसके लिए आधुनिक लॉजिस्टिक्स, बंदरगाह और एक विश्वस्तरीय ‘ग्लोबल ट्रेड सेंटर’ बनाया जाएगा.


ये भी पढ़ें: बिहार में नई सरकार का फॉर्मूला तय: नीतीश के बाद CM कौन? JDU के दो डिप्टी CM और भाजपा को गृह विभाग


बुजुर्गों के लिए पेंशन योजना

वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन योजना को और मजबूत किया जाएगा और धीरे-धीरे सभी पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाया जाएगा. प्रशासनिक सुधार के तहत नए जिले बनाए जाएंगे और शहरों में स्थानीय निकायों की संख्या बढ़ाई जाएगी.

ममता बनर्जी ने कहा कि ये 10 प्रतिज्ञाएं अगले पांच साल की उनकी सरकार की मुख्य योजना होंगी और इन्हीं के आधार पर काम किया जाएगा. यह घोषणा-पत्र खास तौर पर महिलाओं, युवाओं, किसानों और बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read