Bharat Express DD Free Dish

‘अब 100% से काम नहीं चलेगा…’, IPL 2026 से पहले विराट कोहली ने टीम को दिया कौन सा गुरू मंत्र?

आईपीएल 2026 के आगाज से पहले विराट कोहली के तेवर बेहद आक्रामक नजर आ रहे हैं. आरसीबी के प्रैक्टिस सेशन में कोहली ने साथी खिलाड़ियों को गुरु मंत्र देते हुए कहा कि चैंपियन बने रहने के लिए अब 120% मेहनत की जरूरत है.

IPL 2026 Virat Kohli

IPL 2026 का बिगुल बजने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खेमे में हलचल अभी से तेज हो गई है. पिछले साल पहली बार खिताबी सूखा खत्म करने वाली आरसीबी इस बार अपनी बादशाहत बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरने वाली है.

कब है सीजन का पहला मैच?

सीजन का पहला ही मुकाबला 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ होना है. इस महामुकाबले से पहले टीम के सबसे बड़े स्टार और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपने साथी खिलाड़ियों को जो ‘गुरु मंत्र’ दिया है, उसने विपक्षी टीमों की धड़कनें बढ़ा दी हैं.

‘चैंपियन बने रहना, चैंपियन बनने से ज्यादा मुश्किल’

आरसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अभ्यास सत्र का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें विराट कोहली पूरी टीम को मोटिवेट करते नजर आ रहे हैं. कोहली ने बड़े साफ शब्दों में कहा कि पिछले सीजन में हमने जो कड़ी मेहनत की थी, उसका फल हमें ट्रॉफी के रूप में मिला. लेकिन असली चुनौती अब शुरू होती है.

विराट ने अपने साथियों को आगाह करते हुए कहा, “पिछले दो-तीन सालों के संघर्ष के बाद हम चैंपियन बने हैं, लेकिन अब चीजें और भी कठिन होंगी. अब हर टीम हमें हराने के लिए दोगुनी तैयारी के साथ आएगी. इसलिए हम अभ्यास सत्र का एक भी मिनट बर्बाद नहीं कर सकते. हमें अब पूरी तरह से ‘बैटल मोड’ में आ जाना चाहिए.”

अपना 120% देने की अपील

मैदान पर हमेशा जोश से भरे रहने वाले कोहली ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे नेट सेशन के दौरान अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल करें. उन्होंने कहा कि अगर हमें टाइटल को डिफेंड करना है, तो हर खिलाड़ी को अपना 100 नहीं बल्कि 120 प्रतिशत देना होगा. विराट का मानना है कि सीजन शुरू होने से पहले के ये कुछ दिन तय करेंगे कि टीम टूर्नामेंट में कितना आगे जाएगी.

फैंस को फिर ‘विराट धमाके’ का इंतजार

विराट कोहली साल 2008 से आरसीबी का हिस्सा हैं और टीम की धड़कन माने जाते हैं. आईपीएल 2025 में आरसीबी को पहली बार चैंपियन बनाने में किंग कोहली का बल्ला जमकर बोला था. उन्होंने 15 मैचों में 8 अर्धशतकों की मदद से 657 रन कूट डाले थे. चूंकि अब विराट ने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, इसलिए फैंस के लिए उन्हें इस छोटे फॉर्मेट में देखने का इकलौता जरिया आईपीएल ही बचा है. ऐसे में चिन्नास्वामी के मैदान पर ‘कोहली-कोहली’ के शोर के बीच एक बार फिर रनों की बरसात देखने की उम्मीद हर क्रिकेट प्रेमी को है.

ये भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले DC का सरप्राइज, केएल राहुल नहीं… इस धुरंधर को मिली टीम की कप्तानी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read