Virat Kohli fake news IPL 2026 chartered flight: आईपीएल 2026 का बिगुल बजने ही वाला है, लेकिन मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात होने से पहले सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है. दरअसल पिछले 24 घंटों से एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें दावा किया गया था कि विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) मैनेजमेंट के सामने एक अजीबोगरीब मांग रखी है.
पोस्ट में लिखा था कि कोहली चाहते थे कि अगर किन्हीं दो मैचों के बीच 3 या उससे ज्यादा दिनों का गैप हो, तो उनके लिए लंदन आने-जाने के लिए विशेष चार्टर्ड प्लेन की व्यवस्था की जाए. इस खबर ने फैंस के बीच बहस छेड़ दी थी कि क्या कोहली टूर्नामेंट के बीच में बार-बार विदेश यात्रा करेंगे? हालांकि, अब खुद विराट कोहली ने सामने आकर इस ‘फेक न्यूज़’ की धज्जियां उड़ा दी हैं.
क्या था वायरल पोस्ट का पूरा मजमून?
वायरल हो रहे पोस्ट में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा गया था कि कोहली अपनी पत्नी और बच्चों के साथ समय बिताने के लिए लंदन जाना चाहते हैं, जो वर्तमान में उनका दूसरा घर बन चुका है. पोस्ट में यहाँ तक दावा किया गया कि वे मैच खत्म होते ही चार्टर्ड फ्लाइट में सवार होंगे और अगले मैच से ठीक पहले भारत लौट आएंगे.
हालांकि कोहली की हालिया प्रतिक्रिया के बाद अब यह स्पष्ट है कि वे पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के साथ ही रहेंगे. आरसीबी के फैंस के लिए यह राहत की खबर है कि उनके सबसे बड़े खिलाड़ी का ध्यान पूरी तरह से टीम को फिर से चैंपियन बनाने पर है.
वायरल पोस्ट पर क्या रहा विराट का रिएक्शन?
अपनी प्राइवेसी और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर हमेशा गंभीर रहने वाले विराट कोहली ने इस बार खामोश रहने के बजाय हंसी का सहारा लिया. कोहली ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उसी दावे वाले पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया और साथ में ‘हंसने वाला इमोजी’ लगाया. विराट की इस संक्षिप्त लेकिन सटीक प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया कि यह पूरी खबर कोरी कल्पना और मनगढ़ंत है. कोहली के इस अंदाज ने साबित कर दिया कि वे इन अफवाहों को कितनी गंभीरता से लेते हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फ्रेंचाइजी ने भी इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे केवल सनसनी फैलाने की कोशिश करार दिया है.
28 मार्च को होगा पहला मुकाबला
वहीं अफवाहों से इतर, आरसीबी की टीम इस समय पूरी तरह से खेल पर केंद्रित है. बता दें कि RCB आईपीएल 2025 की मौजूदा चैंपियन है और इस साल उन पर अपने खिताब को बरकरार रखने का भारी दबाव है. आईपीएल के इतिहास में अब तक केवल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही ऐसी टीमें रही हैं, जिन्होंने लगातार दो बार ट्रॉफी जीती है. 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी अपने अभियान की शुरुआत सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ करेगी. यह आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच भी होगा, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

