रिपोर्ट- विवेक
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात एक 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना सुभाष विहार इलाके में कृष्णा मंदिर के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया. मृतक की पहचान मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है.
अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल आसिफ को उसके परिजन जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले जा चुके थे. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिजनों का अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. आसिफ के भाई का कहना है कि वे उसे जिंदा हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे. उसके शरीर से काफी खून बह रहा था और कान भी कटा हुआ था. परिवार का आरोप है कि डॉक्टरों ने समय पर इलाज नहीं किया, जिससे उसकी जान चली गई. इसको लेकर अस्पताल में कुछ समय तक तनाव भी बना रहा.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. वहां से खून के नमूने और अन्य सबूत जुटाए गए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया है.
हत्या का केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
भजनपुरा थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है. भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान दुनिया का सबसे प्रदूषित देश, जानें भारत किस पोजीशन पर, हमारे कौन-से शहर की हवा सबसे खराब?
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. हालात को देखते हुए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



