Gold Silver Price Today: अगर आप इस शादियों के सीजन में सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आज की खबर आपकी जेब पर थोड़ी भारी पड़ सकती है. ग्लोबल मार्केट से आ रहे संकेतों के चलते आज यानी 22 अप्रैल 2026 को सर्राफा बाजार में फिर से तेजी का रुख देखने को मिल रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव उछलकर 4,757.90 डॉलर प्रति औन्स पर पहुंच गए हैं, वहीं चांदी भी 77.435 डॉलर प्रति औन्स के स्तर को छू रही है.
युद्ध विराम का क्या है कनेक्शन?
बाजार में आई इस हलचल के पीछे सात समंदर पार अमेरिका से जुड़ी एक बड़ी वजह है. दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध विराम आज खत्म होने वाला था, जिससे पूरी दुनिया में तनाव का माहौल बना हुआ था. लेकिन ऐन वक्त पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस युद्ध विराम को आगे बढ़ाने का ऐलान कर दिया. इस फैसले से युद्ध की आशंकाएं तो कम हुई हैं, लेकिन इसका सीधा असर कमोडिटी मार्केट पर पड़ा है.
भू-राजनीतिक तनाव कम होते ही कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जिसका फायदा सीधे तौर पर सोने और चांदी को मिला और निवेशकों ने फिर से इन कीमती धातुओं का रुख कर लिया.
घरेलू बाजार में भी हलचल तेज
भारतीय बाजार यानी एमसीएक्स (MCX) की बात करें, तो बीते मंगलवार को सोना 1,51,698 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,44,916 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. आज बुधवार को भी बाजार में इसी तरह की तेजी जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है. जानकारों का मानना है कि ग्लोबल मार्केट में आए इस बदलाव का असर आज पूरे दिन भारतीय सर्राफा दुकानों पर देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- न कूलर, न पंखा…फिर भी महलों में रहती थी कूलिंग, जानें पुराने दौर के राजा-महाराजा कैसे अपने महलो को ठंडा रखते थे?
शादियों के बजट ने बिगाड़ा मिडिल क्लास का सुकून
एक तरफ बाजार में तेजी है, तो दूसरी तरफ आम आदमी की चिंताएं बढ़ गई हैं. भारत में फिलहाल शादियों का सीजन अपने शबाब पर है. ऐसे में जिनके घरों में शादी-ब्याह हैं, उनके लिए सोना-चांदी खरीदना किसी मजबूरी से कम नहीं है. जेवर बनवाना अब बजट से बाहर होता जा रहा है.
मिडिल क्लास परिवारों के लिए यह स्थिति दोहरी मार जैसी है एक तरफ महंगे भाव और दूसरी तरफ रस्मों-रिवाजों के लिए खरीदारी का दबाव. बाजार के जानकारों का कहना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिरता नहीं आती, तब तक कीमतों में यह उतार-चढ़ाव ऐसे ही बना रह सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

