Bharat Express DD Free Dish

5 घंटे में मामला रफा-दफा! दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी ने फेल किया किडनैपिंग का प्लान, सुरक्षित घर लौटा बच्चा

दिल्ली के डाबड़ी इलाके में 7 साल के बच्चे के अपहरण का मामला पुलिस ने सिर्फ 5 घंटे में सुलझा लिया. दिल्ली पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बचाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Delhi kidnapping case news

रिपोर्ट- स्कंदिता


दिल्ली के डाबड़ी इलाके में एक 7 साल के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया, जिसे पुलिस ने सिर्फ 5 घंटे के अंदर सफलतापूर्वक सुलझा लिया. दिल्ली पुलिस की डाबड़ी थाना टीम ने तेज कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को डाबड़ी थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक 7 साल का बच्चा अपने घर के बाहर से अचानक लापता हो गया है. परिजनों ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी और बच्चे की तलाश में कई टीमें लगा दी गईं.

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी का सहारा लिया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्चे को मोहम्मद आदिल अंसारी नाम का व्यक्ति अपने साथ ले गया है और वह उसे लेकर बिहार के मधुबनी जिले की ओर भागने की कोशिश कर रहा है.

पुलिस ने लिया एक्शन

सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की. वहां से पुलिस ने आरोपी को बच्चे के साथ पकड़ लिया. आरोपी ट्रेन पकड़कर फरार होने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया.

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 26 वर्षीय मोहम्मद आदिल अंसारी के रूप में हुई है, जो डाबड़ी इलाके में दर्जी का काम करता था और वहीं रहता था. पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली.


ये भी पढ़ें: खौफ का ‘खूनी’ सवेरा! छत्तीसगढ़ में शक की ऐसी सनक, पति ने पत्नी का सिर काटकर हाथ में ले लिया, देखें VIDEO


पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी बच्चे को लेकर राज्य से बाहर भाग सकता था, जिससे मामला और गंभीर हो सकता था. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि तेज और सतर्क पुलिस कार्रवाई से बड़ी घटनाओं को भी समय रहते रोका जा सकता है और किसी मासूम की जान बचाई जा सकती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read