Salumber mysterious disease: राजस्थान के सलूंबर जिले के कुंडा गांव में रहस्यमयी बीमारी का खतरा गहराता जा रहा है. शुक्रवार को अचानक उल्टी, शरीर में अकड़न और दौरे जैसे लक्षण दिखने के बाद दो बच्चियों ने महज कुछ घंटों में दम तोड़ दिया. इससे गांव में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 10 हो गया है और लोगों में डर का माहौल है.
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सात मेडिकल टीमों का गठन किया है. ये टीमें गांव-गांव जाकर बच्चों की जांच कर रही हैं, ब्लड सैंपल ले रही हैं और सर्वे कर रही हैं. पशुपालन विभाग भी सक्रिय है और पशुओं के सैंपल लेकर बीमारी के संभावित कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है.
डॉक्टरों की निगरानी
सीएमएचओ डॉ. महेन्द्र परमार ने बताया कि बीसीएमओ डॉ. सिंटू कुमावत के नेतृत्व में विशेष टीम गांव में डेरा डाले हुए है. संदिग्ध मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है. एक बच्ची का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह साफ हो पाएगी.
मच्छरजनित रोगों की आशंका
बीमारी के पीछे मच्छरजनित रोगों की संभावना को देखते हुए गांव में फॉगिंग, एंटी-लार्वा गतिविधियां और दवा का छिड़काव तेज कर दिया गया है. प्रशासन ने लोगों से गर्मी और लू से बचाव के लिए सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें-दिल्ली की शकूर बस्ती में भीषण आग, 350 से ज्यादा झुग्गियां जलीं, फायर ब्रिगेड पर देरी के आरोप
जांच जारी
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं. उम्मीद है कि जल्द ही इस रहस्यमयी बीमारी की असली वजह सामने आएगी और लोगों को राहत मिलेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


