Urdu Conclave 2026

पीएम मोदी के ‘मन की बात’ का 133वां एपिसोड आज सुबह 11 बजे, महिला आरक्षण और हीटवेव पर कर सकते हैं चर्चा

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी आज (रविवार) सुबह 11 बजे आकाशवाणी और डीडी न्यूज़ पर ‘मन की बात’ का 133वां एपिसोड साझा करेंगे. पिछले एपिसोड में ईरान-अमेरिका जंग पर बात करने के बाद, आज पीएम बढ़ती गर्मी और महिला बिल पर अहम संदेश दे सकते हैं.

National Panchayati Raj Day 2026 PM Modi Shares Sanskrit Subhashitam

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी आज (रविवार) सुबह 11 बजे आकाशवाणी के लोकप्रिय ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) कार्यक्रम के जरिए देश और विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे. यह इस बहुचर्चित मासिक रेडियो कार्यक्रम की 133वीं कड़ी (Episode) होगी. पिछले एपिसोड में वैश्विक संकट और ईरान-अमेरिका जंग पर बात करने वाले प्रधानमंत्री आज देश के कुछ बेहद महत्वपूर्ण आंतरिक मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं.

किन अहम मुद्दों पर हो सकती है आज चर्चा?

राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि आज के एपिसोड में पीएम मोदी मुख्य रूप से दो-तीन अहम विषयों पर फोकस कर सकते हैं.

महिला आरक्षण बिल: 17 अप्रैल को संसद में लोकसभा की सीटें बढ़ाने और महिला आरक्षण से जुड़ा अहम बिल 54 वोटों के अंतर से गिर गया था. पूरी संभावना है कि प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर अपनी और सरकार की आगे की राय देश के सामने रखें.

भीषण गर्मी और हीटस्ट्रोक: देशभर में इस समय गर्मी का कहर बढ़ रहा है और हीटस्ट्रोक (लू) से मौत की दुखद घटनाएं भी सामने आ रही हैं. ऐसे में प्रधानमंत्री बढ़ती गर्मी से बचने के तरीकों और स्वास्थ्य सुरक्षा पर बात कर सकते हैं.

मदर्स डे: 14 मई को मनाए जाने वाले ‘मदर्स डे’ (Mother’s Day) के उपलक्ष्य में मातृशक्ति को लेकर भी वे कोई विशेष संदेश दे सकते हैं.

‘मन की बात’ के पिछले 5 एपिसोड्स

  • 132वां एपिसोड: पीएम ने ईरान-अमेरिका जंग और वैश्विक पेट्रोल-डीजल संकट का जिक्र करते हुए बताया था कि भारत इस चुनौती से कैसे निपट रहा है.
  • 131वां एपिसोड: दिल्ली में आयोजित ‘ग्लोबल AI इम्पेक्ट समिट’ पर बात की थी. उन्होंने बताया था कि कैसे एआई की मदद से प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों को संरक्षित किया जा रहा है.
  • 130वां एपिसोड: विदेशों में भारतीय संस्कृति और त्योहारों की बढ़ती पहचान की सराहना की थी.
  • 129वां एपिसोड: ICMR की रिपोर्ट का हवाला देते हुए लोगों से अपील की थी कि वे निमोनिया जैसी बीमारियों में अपनी मर्जी से और बिना सोचे-समझे एंटीबायोटिक दवाओं (Antibiotics) का सेवन न करें.
  • 128वां एपिसोड: भारतीय खेलों की उपलब्धियों पर गर्व जताया था, जिसमें महिला क्रिकेट टीम की जीत, टोक्यो डेफ ओलिंपिक्स के 20 मेडल और महिला कबड्डी टीम की वर्ल्ड कप जीत का विशेष जिक्र था.

ये भी पढ़ें: क्या है कॉरेस्पॉन्डेंट डिनर? जहां डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में दनादन चली गोलियां, जानें 105 साल की परंपरा

कहां-कहां सुन सकेंगे सीधा प्रसारण?

इस कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी (AIR) और दूरदर्शन (DD) के समूचे नेटवर्क पर सुबह 11 बजे से किया जाएगा. इसके अलावा, श्रोता इसे एआईआर न्यूज़, डीडी न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनलों पर भी लाइव सुन सकते हैं. क्षेत्रीय जनता की सुविधा के लिए आकाशवाणी से इस कार्यक्रम का क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रसारण किया जाएगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read