Texas Shooting Today: अमेरिका में गन कल्चर और हिंसा का खौफनाक दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार रात वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (WHCD) के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम में हुई गोलीबारी की दहशत अभी कम भी नहीं हुई थी कि रविवार का दिन टेक्सास (Texas) के लिए ‘खूनी रविवार’ साबित हुआ. टेक्सास के मिडलैंड और ईस्ट ऑस्टिन में बैक-टू-बैक फायरिंग की दो अलग-अलग घटनाओं से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. इसके अलावा, एक तीसरी दर्दनाक घटना में भारतीय रेस्तरां में आग लगने से दो लोगों की जान चली गई है.
‘सैम्स बारबेक्यू’ के बाहर फायरिंग
पहली बड़ी घटना ईस्ट ऑस्टिन (East Austin) के ईस्ट 12th स्ट्रीट ब्लॉक की है. रविवार रात करीब 8:30 बजे यहां के लोकप्रिय रेस्तरां ‘सैम्स बारबेक्यू’ (Sam’s BBQ) के बाहर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई. इस गोलीबारी में कई लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
ऑस्टिन पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त वहां काफी भीड़ थी और लोग वीकेंड की मौजमस्ती कर रहे थे. फायरिंग के बाद संदिग्ध हमलावर एक वाहन में बैठकर मौके से फरार हो गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मौके पर भारी पुलिस बल और एंबुलेंस की गाड़ियां देखी जा सकती हैं. हालांकि, पुलिस का मानना है कि यह एक ‘आइसोलेटेड’ (अलग-थलग) घटना थी और फिलहाल आम जनता के लिए कोई ‘एक्टिव थ्रेट’ (सक्रिय खतरा) नहीं है.
पुलिस ने शूटर को मारी गोली
दूसरी घटना टेक्सास के मिडलैंड शहर में रविवार तड़के करीब 1:30 बजे हुई. ट्रेडविंड्स और ड्यूविले बुलेवार्ड के पास स्थित एक बार के बाहर दो गुटों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके बाद एक संदिग्ध ने कई राउंड फायरिंग कर दी. इस फायरिंग में दो लोग घायल हो गए.
ये भी पढ़ें: भारत-न्यूजीलैंड FTA से आम आदमी की जेब पर क्या पड़ेगा असर? टैरिफ लाइन खोलकर भी भारत को फायदा
राहत की बात यह रही कि बार में ‘ऑफ-ड्यूटी’ पुलिसकर्मी मौजूद थे. गोलियों की आवाज सुनकर जब वे बाहर आए, तो उन्होंने हथियारों से लैस हमलावर को घेर लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई (मुठभेड़) में संदिग्ध शूटर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत मिडलैंड मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य दो घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है. इस एनकाउंटर मामले की जांच अब ‘टेक्सास रेंजर्स’ (Texas Rangers) कर रहे हैं.
भारतीय रेस्तरां में आग, 2 की मौत
गोलीबारी की इन दो घटनाओं के अलावा, टेक्सास के कास काउंटी (Cass County) में एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ. रविवार सुबह करीब 5 बजे अमेरिका के हाईवे 59 पर मौजूद ‘पुंज ट्रक स्टॉप एंड इंडियन रेस्तरां’ (Punj Truck Stop and Indian Restaurant) में भयंकर आग लग गई. फायर ब्रिगेड और पुलिस ने जब आग पर काबू पाकर इमारत की दूसरी मंजिल की तलाशी ली, तो वहां से दो लोगों के जले हुए शव बरामद हुए. फिलहाल मृतकों की पहचान और आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है. इन बैक-टू-बैक घटनाओं ने अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



