Gold Silver Price Today: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे थे, तो आपके लिए एक बड़ी खबर है. भारतीय कमोडिटी मार्केट में मंगलवार की शाम कीमती धातुओं के दाम ताश के पत्तों की तरह बिखर गए. सोने और चांदी की कीमतों में आई इस अचानक गिरावट ने निवेशकों और आम खरीदारों, दोनों को हैरान कर दिया है. सबसे ज्यादा असर चांदी पर दिखा, जो देखते ही देखते करीब 7000 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो गई.
बाजार में मची अफरा-तफरी
कारोबार के दौरान चांदी की कीमतों में करीब 3 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे 1 किलो चांदी का भाव 2.40 लाख रुपये के स्तर पर आ गया. सोने का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा. 10 ग्राम सोने का भाव लगभग 2500 रुपये टूटकर 1.49 लाख रुपये पर आ चुका है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की चमक फीकी पड़ी है, जहां सोना 100 डॉलर से ज्यादा और चांदी ढाई डॉलर प्रति औंस तक गिर गई है.
क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट?
बाजार के जानकारों की मानें तो इस गिरावट के पीछे डॉलर की मजबूती और ग्लोबल पॉलिटिक्स का बड़ा हाथ है. डॉलर की कीमतों में उछाल आने से कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ गया है. फिलहाल रुपया भी डॉलर के मुकाबले 94.5 के पार निकल चुका है.
इसके अलावा मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच खबरें आ रही हैं कि ईरान ने Strait of Hormuz को खोलने और जंग रोकने का प्रस्ताव दिया है. हालांकि, डोनल्ड ट्रंप के इन दावों के बीच अभी तक शांति वार्ता का दूसरा दौर नहीं हुआ है, जिससे बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है.
वहीं भारत से लेकर अमेरिका तक, शेयर बाजारों में बिकवाली का दौर चल रहा है, जिसका सीधा असर कमोडिटी मार्केट पर भी दिख रहा है.
रिकॉर्ड स्तर से अब कितना सस्ता?
अगर हम लाइफटाइम हाई यानी अब तक के सबसे ऊंचे स्तर से तुलना करें तो सोना-चांदी अब काफी सस्ते लगने लगे हैं. सोना अपने 2.02 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर से करीब 53 हजार रुपये नीचे आ चुका है. वहीं, चांदी ने तो सबको चौंका दिया है; यह अपने 4.57 लाख रुपये के शिखर से 2.07 लाख रुपये कम पर मिल रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
