Bharat Express DD Free Dish

‘क्या बिल तेरा बाप भरेगा?’ पंखा चलाने पर सास-ससुर ने पीटा, बहू ने काटी नस; हमीरपुर में जान पर बना स्मार्ट मीटर

Hamirpur Domestic Violence: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर (राठ कोतवाली) में स्मार्ट मीटर के ज्यादा बिल के डर से सास-ससुर ने पंखा चलाने पर बहू की पिटाई कर दी. आहत नवविवाहिता सोनम ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या की कोशिश की. जानिए क्या है पूरा मामला?

Hamirpur Domestic Violence Electricity Bill Dispute

AI Photo

Hamirpur Domestic Violence: हमीरपुर/आदित्य बिहारी अवस्थी: उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगने के बाद ज्यादा बिजली का बिल आना अब सिर्फ आर्थिक परेशानी नहीं, बल्कि घरेलू कलह और खूनी संघर्ष का कारण बनता जा रहा है. यूपी के हमीरपुर जिले से घरेलू हिंसा का एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां भीषण गर्मी से बचने के लिए एक नवविवाहिता ने अपने कमरे का पंखा क्या चला लिया, उसके सास-ससुर ने घर में तूफान खड़ा कर दिया. मारपीट और तानों से आहत होकर बहू ने आत्महत्या करने के लिए अपने हाथ की नस काट ली.

‘क्या बिल तुम्हारे मायके वाले भरेंगे?’ (Electricity Bill Dispute Hamirpur)

यह पूरी घटना हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के अकौना गांव की है. यहां रहने वाली नवविवाहिता सोनम ने पुलिस को लिखित तहरीर देते हुए बताया कि उसका पति मजदूरी करने के लिए घर से बाहर रहता है और वह अपने सास-ससुर के साथ घर पर रहती है. सोमवार को जब अत्यधिक गर्मी बर्दाश्त नहीं हुई, तो सोनम ने कमरे में लगा पंखा चालू कर दिया.

पंखे की आवाज सुनते ही सास-ससुर वहां आ धमके और आगबबूला हो गए. वे सोनम के साथ अभद्रता और गाली-गलौज करने लगे. उन्होंने ताना मारते हुए कहा कि, “पंखा चलाने से बिजली का बिल ज्यादा आता है, तो क्या इसे तेरा बाप या तेरे मायके वाले भरेंगे?”

मारपीट से आहत होकर काटी नस (Hamirpur UP crime news)

सोनम ने जब इन तानों और जबरन पंखा बंद करवाने का विरोध किया, तो उसके ससुर ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी. दिन-रात की इस प्रताड़ना और मारपीट के अपमान से आहत होकर सोनम ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपने हाथ की नस काट ली. हालत बिगड़ने पर परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) राठ और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज जारी है.

ये भी पढ़ें: 13 मंजिल तक पहुंची आग, 10 फ्लैट स्वाहा; गाजियाबाद में ‘AC’ ने जलाए मकान या कारण कुछ और?

ग्रामीणों के अनुसार, जब से गांवों में स्मार्ट मीटर लगे हैं, तब से बिजली के बिलों में एकाएक बढ़ोतरी हो गई है. बिल ज्यादा न आए, इस डर से कई लोग सिर्फ रात में ही बिजली का उपयोग कर रहे हैं. फिलहाल, राठ कोतवाली के प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर उसका मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है. पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है, जिसके बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read