Bharat Express DD Free Dish

दोस्ती से दुश्मनी और फिर सियासी सहयोग: मनोज सिंह और शहाबुद्दीन के रिश्तों की कहानी सीवान गोलीकांड से फिर चर्चा में

Bihar News: सीवान में बीजेपी नेता मनोज सिंह के बहनोई और भांजे पर दिनदहाड़े हमला हुआ. इस वारदात ने मनोज सिंह और बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन के रिश्तों की पुरानी दोस्ती, दुश्मनी और सियासी सफर को फिर चर्चा में ला दिया है.

Bihar News: सीवान जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं. बुधवार शाम नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास बदमाशों ने गोलियां बरसाकर बीजेपी नेता मनोज सिंह के बहनोई और भांजे को निशाना बनाया. इस हमले में भांजे हर्ष सिंह की मौत हो गई, जबकि बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं.

अपराधियों का दुस्साहस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने बिना किसी डर के पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. वारदात के बाद आरोपी अपनी कार में बैठकर आसानी से फरार हो गए. घटना हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आई और देर रात छोटू यादव का हाफ एनकाउंटर कर दिया. उसके दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि अन्य तीन अपराधियों की तलाश जारी है.

एक महीने में दूसरी बड़ी वारदात

सीवान में यह दूसरी बड़ी घटना है. 5 अप्रैल को भी कुख्यात चंदन सिंह और ऑटो चालक के बीच झगड़े के बाद फायरिंग हुई थी, जिससे पूरा इलाका सहम गया था. अब 25 दिन बाद फिर से गोलीकांड हुआ है, जिसने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मनोज सिंह का राजनीतिक सफर

मनोज सिंह सिवान की राजनीति में एक चर्चित नाम हैं. वे बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन हैं. पहले एमएलसी रह चुके हैं और 2025 में रघुनाथपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे लेकिन टिकट नहीं मिला. 2021 में वे लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. बाद में वे फिर से बीजेपी में शामिल हो गए.

शहाबुद्दीन से रिश्ते और अदावत

मनोज सिंह और बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन एक ही गांव के रहने वाले हैं. दोनों बचपन से दोस्त रहे और राजनीति में एक-दूसरे के सहयोगी भी बने. लेकिन 2005 में मनोज सिंह के भाई मृत्युंजय सिंह की हत्या के बाद रिश्ते बिगड़ गए. इसके बाद मनोज सिंह ने अपनी अलग राह चुनी और राजनीति में सक्रिय हो गए.

हिना शहाब से सहयोग

2023 में कॉपरेटिव बैंक चुनाव के दौरान मनोज सिंह को शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब का समर्थन मिला. उन्होंने 18 वोटों से जीत दर्ज की और इसका श्रेय हिना शहाब को दिया. मनोज सिंह ने कहा था कि शहाबुद्दीन से उनकी अदावत थी लेकिन परिवार से कोई दुश्मनी नहीं है.

ये भी पढ़ें-मेरठ से प्रयागराज अब 7 घंटे में, कार चालकों को देना होगा इतने रुपये टोल टैक्स

सीवान में बढ़ता अपराध

बीजेपी नेता के परिवार पर हुए इस हमले ने सीवान में दहशत का माहौल बना दिया है. पुलिस भले ही छोटू यादव का एनकाउंटर कर मामले को शांत करने की कोशिश कर रही हो, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से साफ है कि अपराधी फिर से सिर उठाने लगे हैं. आम लोगों में डर का माहौल है और कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read