Bharat Express DD Free Dish

मौन से मुखर होती कला, हौज खास में बिम्मी खान की प्रदर्शनी ‘सटल इनटोनेशन’ का आगाज

समकालीन अमूर्त कला की प्रमुख कलाकार बिम्मी खान की एकल प्रदर्शनी ‘सटल इनटोनेशन’ नई दिल्ली स्थित क्रिएटिविटी आर्ट गैलरी में आयोजित की गई है.

समकालीन कला जगत में बिम्मी खान एक ऐसा नाम हैं, जिनके चित्र केवल धरातल पर उकेरी गई आकृतियां नहीं, बल्कि मौन के गहन गर्भ से प्रस्फुटित होते अर्थ-संकेत हैं. उनकी तूलिका प्रकृति के उन अनछुए प्रसंगों और अस्तित्वों को स्वर देती है, जिन्हें हम अक्सर जीवन के कोलाहल में भूल जाते हैं. बिम्मी की सृजनात्मकता प्रकृति का वह संगीत है, जो न केवल रूह को स्पर्श करती है, बल्कि एक आत्मिक अनुभूति बनकर दर्शक के अंतःकरण में समाहित हो जाती है. उनकी इन चुनिंदा कलाकृतियों की एकल प्रदर्शनी ‘सटल इनटोनेशन’का भव्य आयोजन नई दिल्ली के ‘क्रिएटिविटी आर्ट गैलरी’ में किया गया. इस प्रदर्शनी के क्यूरेटर जय त्रिपाठी हैं, जिनके कलात्मक दृष्टिकोण ने बिम्मी के चित्रों की गहराई को बखूबी संजोया है. वरिष्ठ कलाविद प्रयाग शुक्ल मुख्य अतिथि थे. नई दिल्ली की क्रिएटिविटी आर्ट गैलरी, 3, बैक लेन, ग्राउंड फ्लोर, हौज खास विलेज में यह प्रदर्शनी 12 मई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 07:00 बजे तक कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी. यदि आप प्रकृति और अध्यात्म के दृश्य संगम को महसूस करना चाहते हैं, तो यह प्रदर्शनी आपके लिए एक अनिवार्य गंतव्य है.

रंगों और भावनाओं का मौन संवाद

यह प्रदर्शनी अमूर्त कला की दुनिया शब्दों के कोलाहल से परे, रंगों और मौन के बीच का एक सूक्ष्म सेतु है. जब हम समकालीन चित्रकार बिम्मी खान के कला-संसार में प्रवेश करते हैं, तो हमें इसी मौन संवाद की एक अद्भुत और प्रभावशाली अनुभूति होती है. उनकी कला केवल कैनवास पर बिखरे रंग नहीं हैं, बल्कि वे एक कलाकार के अंतर्मन की गहराइयों से निकली हुई वह रचनात्मक ऊर्जा हैं, जो दर्शक को दृश्य जगत की सीमाओं से परे ले जाती हैं. बिम्मी की कला यात्रा का सबसे प्रभावी पहलू ‘मूर्त’ से ‘अमूर्तन’ की ओर उनका विवेकशील प्रस्थान है. एक कलाकार के लिए दृश्य वस्तुओं को ज्यों का त्यों चित्रित करना सरल हो सकता है, परंतु उन वस्तुओं के पीछे छिपे भावों को अमूर्त आकारों में ढालना एक गहन दार्शनिक प्रक्रिया है. उनकी कृतियां इस बात का जीवंत प्रमाण हैं कि ‘रचना’ ही वह श्रेष्ठ गुण है, जो किसी भी कलाकर्म को सार्थक बनाता है.

रंगों की संगीतात्मक लय और प्रकाश-अंधकार का आध्यात्मिक संतुलन

बिम्मी के चित्रों को देखते हुए जो पहली बात मन को स्पर्श करती है, वह है रंगों का सम्मोहक प्रवाह. कैनवास की सपाट सतह पर रंगों का यह बिखराव किसी आकस्मिक घटना की तरह नहीं, बल्कि एक सुविचारित सांगीतिक लयबद्धता की तरह प्रतीत होता है. आकारों का आरोह-अवरोह और रंगों की सघनता दर्शक की दृष्टि को एक सुखद संतोष प्रदान करती है. उनके चित्रों में एक प्रकार का आंतरिक संगीत है, जहां रेखाएं और बिंदु आपस में एक सूक्ष्म करतल ध्वनि की तरह गूंजते हैं. इनके रंगों का चयन उनकी कलात्मक परिपक्वता को दर्शाता है. वे जहां एक ओर मध्यम स्याह, सलेटी और भुरभुरे वर्णों का उपयोग कर गंभीरता और स्थिरता का भाव उत्पन्न करती हैं, वहीं दूसरी ओर अचानक ही हल्के रंग का एक चमकीला उजास प्रेक्षक की निगाह को आकर्षित कर उसे केंद्रस्थ कर लेता है. यह प्रकाश अंधकार और उजास के बीच के द्वंद्व को समाप्त कर एक आध्यात्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है.

आंतरिक चेतना का प्रवाह​

बिम्मी खान अपनी कला के प्रति नितांत मितभाषी हैं; उनके चित्र ही उनकी भाषा हैं. उनकी सृजन प्रक्रिया किसी पूर्व-नियोजित विचार के आग्रह से नहीं बंधी होती. वे स्वयं को पूर्णतः प्रकृति और अपनी संवेदनाओं के हवाले कर देती हैं. जब वे कागज़ या कैनवास के सामने बैठती हैं, तो उनके मन में कोई निश्चित ढांचा नहीं होता. वे रंगों की पारदर्शी परतों को एक के ऊपर एक चढ़ाती जाती हैं. इस प्रक्रिया में आकृतियां स्वयं ही अपना रूप ग्रहण करने लगती हैं.

​यह स्वतःस्फूर्तता ही उनकी कला को जीवंत बनाती है. उनके चित्रों में आकृतियों का निर्माण स्वेच्छाचारी होता है—कहीं त्रिकोणीय रेखाएं उभरती हैं, तो कहीं वर्गाकार आकार गतिमान होते हैं. ये रेखाएं और आकार जड़ता का बोध नहीं कराते, बल्कि एक अविरल प्रवाह की भांति बहते प्रतीत होते हैं. यह कलाकार की उस आंतरिक चेतना का विस्तार है, जहाँ शब्द, संगीत और चित्र अपनी भिन्नता त्यागकर एक ही लय में विलीन हो जाते हैं.


​
​तकनीकी दृष्टि से बिम्मी का कार्य विस्मयकारी है. वे ‘पेपर पर ड्राई पेस्टल’ का ऐसा विरल और सिद्धहस्त प्रयोग करती हैं, जो जलरंगों जैसी तरलता और सुकुमारता उत्पन्न करता है. ड्राई पेस्टल जैसे सूखे माध्यम से जलरंगों जैसी पारदर्शिता प्राप्त करना उनके तकनीकी कौशल का प्रमाण है. वे सुनेपन और रिक्तता को रेखाओं के माध्यम से पूर्णता में परिवर्तित करने की अद्भुत कला जानती हैं. मध्यम रंगों की कई पर्तों के प्रयोग से अमूर्त आकारों की जटिलता को साधना एक दुरूह कार्य है, किंतु बिम्मी ने बिंदुओं और ज्यामितीय तत्वों के सामंजस्य से उस जटिलता को भी अत्यंत सहज सौंदर्य में बदल दिया है. उनके चित्रों में जो ‘टेक्सचर’ उभर कर आता है, वह दर्शक को छू लेने वाली अनुभूति प्रदान करता है.
​
​इस महिला कलाकार के चित्र केवल धरातल पर उकेरी गई आकृतियां नहीं हैं, बल्कि वे मौन के गहन गर्भ से प्रस्फुटित होते अर्थ-संकेत हैं. वे प्रकृति के उन अनछुए प्रसंगों और अस्तित्वों को अपनी तूलिका से स्वर देती हैं, जिन्हें हम अक्सर जीवन के कोलाहल के बीच विस्मृत कर देते हैं. उनके चित्रों में एक प्रकार की ज्ञान-मीमांसा है, जो हमें यह बोध कराती है कि कला केवल वस्तु नहीं, बल्कि जीवन दर्शन है. जिस प्रकार सरल शब्दों में कोई कविता गहरे भाव व्यक्त करती है, बिम्मी के चित्रों की भाषा भी उसी सादगी के साथ अपने श्रेष्ठ कलात्मक विचार प्रस्तुत करती है. उनकी कृतियां प्रेक्षक से मौन संवाद करती हैं, मानों वे दर्शक के हृदय के एकांत को अपनी सघनता से भर देना चाहती हों.

एकरूपता और दर्शक से आत्मिक संवाद

​किसी भी कलाकार के लिए उसका सृजन उसकी संवेदनाओं का वह विस्तार होता है, जहां उसके अंतर्मन की गूंज और व्यक्तित्व की आभा एकाकार हो जाती है. बिम्मी के चित्रों में उनके शांत मन-मस्तिष्क की रचनात्मक ऊर्जा स्पष्ट झलकती है, जो कि समकालीन कला के समय का पर्याय कही जा सकती हैं, क्योंकि वे कला को केवल प्रदर्शन की वस्तु न मानकर अंतरात्मा की आवाज मानती हैं. ​उनके चित्रों की एकरूपता केवल रंगों तक सीमित नहीं है, बल्कि आकृतियों में भी एक समभाव दिखता है. यह एकरूपता दर्शक को एक ऐसी दुनिया में ले जाती है, जो कलाकार के अंतःकरण के अत्यंत निकट है. यहां सृजन की प्रक्रिया अपनी पराकाष्ठा पर पहुंचकर गंभीरता और स्पष्टता के उस बोध को जन्म देती है, जहां कलाकार और दर्शक के बीच की दूरी समाप्त हो जाती है.

शून्य से उजास तक की यात्रा और चेतना के सौंदर्य की अनुभूति

यह भी कहना अतिशयोक्तिपूर्ण न होगा कि बिम्मी की कला यात्रा शून्य से उजास की ओर बढ़ने वाली एक निरंतर यात्रा है. उनके चित्र हमें समझाते हैं कि विभिन्न आकारों और रंगों का सुंदर संयोजन वस्तुतः स्वयं के भीतर उतरने और शांत होने की एक नितांत पारदर्शी प्रक्रिया है. उनकी संवेदनाएं जब आकार लेती हैं, तो चित्र स्वतः निर्माण की प्रक्रिया में आगे बढ़ने लगता है, और यही वह बिंदु है जहां से चित्र में स्पष्टता का बोध शुरू होता है.

​अंततः, बिम्मी की अमूर्त कला हमें उस संसार के सम्मुख खड़ा कर देती है, जहां सौंदर्य अपनी पूर्ण सादगी में प्रकट होता है. उनकी कृतियां समकालीन कला परिदृश्य में एक ऐसी ताजी हवा के झोंके की तरह हैं, जो हमें जड़ता से मुक्त कर चेतना के अविरल प्रवाह से जोड़ती हैं. यह कला केवल आंखों के लिए दृश्य सुख नहीं है, उनकी सृजनात्मकता प्रकृति का वह संगीत है, जो न केवल रूह को स्पर्श करती है, बल्कि उसकी प्रतिध्वनि एक आत्मिक अनुभूति बनकर प्रेक्षक के अंतःकरण में समाहित हो जाती है.
​
लेखक जय त्रिपाठी वरिष्ठ कला समीक्षक हैं.

ये भी पढ़ें-पीएम मोदी का ‘सफलता मंत्र’: श्लोक के जरिए बताया कैसे बिना निराश हुए मेहनत करना ही राष्ट्र की असली ताकत

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read