Maharashtra Jail Death
Maharashtra Jail Death: महाराष्ट्र के कल्याण में जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान डोंबिवली के रहने वाले ऋषिकेश पवार के रूप में हुई है. परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. परिजनों की मांग है कि इस मामले की जांच की जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए.
ये पूरा मामला कल्याण के आधारवाडी कारागृह का है. जहां एक मामले में गिरफ्तार कैदी ऋषिकेश पवार को न्यायिक हिरासत में जेल में रखा गया था. मंगलवार की शाम को कैदी की तबियत अचानक खराब हो गई. परिजनों का आरोप है कि जब उसकी तबियत खराब हुई तब जेल प्रशासन ने इस मामले में बेहद ही लापरवाह तरीके से कार्रवाई की. रात को 9 बजे जब उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तबतक उसकी मौत हो चुकी थी.
4 घंटे बाद पहुंचाया गया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक कैदी ऋषिकेश पवार को उल्हासनगर के हिललाइन पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था, जिसके बाद उन्हें आधारवाडी जेल में रखा गया था. बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे ऋषिकेश को सीने में तेज दर्द शुरू हुआ. आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया और करीब 4 घंटे बाद रात साढ़े 9 बजे उल्हासनगर सेंट्रल अस्पताल पहुंचाया गया.
परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें एम्बुलेंस की जगह जेल प्रशासन की निजी गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया. जबतक वह जेल पहुंचता तबतक उसकी मौत हो चुकी थी. परिजनों का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिलता तो उनकी जान बच सकती थी.
अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- ‘ब्राह्मणों को डर लगता है…’, थलापति विजय को दी बधाई तो ट्रोल हुए रविचंद्रन अश्विन, जानें कैसे दिया मुहंतोड़ जबाब?
इस घटना के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल मामले की जांच की मांग तेज हो गई है.
(महाराष्ट्र से अभिषेक की रिपोर्ट)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

