Bharat Express DD Free Dish

जहां खाक हुआ था अजित पवार का प्लेन, बारामती के उसी गांव में एक विमान क्रैश; कैसे हुआ हादसा?

Baramati Plane Crash: महाराष्ट्र के बारामती में रेड बर्ड कंपनी का टू-सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया है. हादसे में ट्रेनी पायलट सुरक्षित है. इसी साल जनवरी में यहीं अजित पवार का विमान क्रैश हुआ था.

Baramati Plane Crash: महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह एक बार फिर विमान हादसे ने लोगों को दहला दिया है. बारामती के गोजूबाबी गांव की सीमा में ‘रेड बर्ड’ (Red Bird Aviation) कंपनी का एक टू-सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया. इस हादसे ने लोगों के जहन में 28 जनवरी 2026 की उस खौफनाक याद को फिर से ताजा कर दिया है, जब इसी जगह पर राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के प्लेन की क्रैश लैंडिंग हुई थी और उनका दर्दनाक निधन हो गया था.

फिर बिजली के खंभे से टक्कर (Maharashtra Baramati Plane Crash)

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के मुताबिक, यह हादसा बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे हुआ. ‘रेड बर्ड एविएशन’ का यह दो सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट बारामती एयरपोर्ट से सटे गोजुबावी गांव के पास हादसे का शिकार हुआ.

 

शुरुआती जांच और चश्मदीदों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान काफी नीचे उड़ रहा था और अचानक इसमें तकनीकी खराबी आ गई. इसके बाद इंजन ने काम करना बंद कर दिया. ट्रेनी पायलट ने अपनी सूझबूझ से विमान की इमरजेंसी क्रैश लैंडिंग कराने की कोशिश की. इसी दौरान एयरक्राफ्ट का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया और वह सीधे जमीन पर जा गिरा.

हादसे में सुरक्षित बचा ट्रेनी पायलट

इस हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई. क्रैश के वक्त विमान में सिर्फ एक ट्रेनी पायलट ही मौजूद था, जिसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वह पूरी तरह सुरक्षित है. विमान को अचानक नीचे गिरता देख स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई.

ये भी पढ़ें: आंख-मुंह से निकल रहा था खून, दिल्ली के शाहबाद डेरी में मजदूर का मर्डर? झाड़ियों में मिली संदिग्ध लाश

फिर उठे सुरक्षा पर सवाल (Redbird Aviation Plane Crash)

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. तकनीकी टीम अब विमान की गहन जांच में जुट गई है ताकि इंजन फेल होने के असली कारणों का पता लगाया जा सके. बारामती में लगातार हो रहे इन विमान हादसों ने स्थानीय एयरपोर्ट और एविएशन कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जनवरी में इसी इलाके में हुए प्लेन क्रैश में अजित पवार समेत सभी क्रू मेंबर्स की जान चली गई थी. ऐसे में प्रशासन अब इस नए हादसे की विस्तृत जांच कर रहा है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read