Bharat Express DD Free Dish

हवा में उड़ गए ‘नन्हें मियां’ ! 50 साल का शख्स बना ‘हवाई यात्री’; वीडियो देख कांप जाएगी रूह

बरेली के बबियाना गांव में आंधी के दौरान एक हैरान कर देने वाला हादसा हुआ. यहां 50 साल के नन्हें अंसारी टीनशेड को उड़ने से बचाने के चक्कर में उसके साथ ही हवा में उड़ गए और दूर खेत में जा गिरे. हादसे में उनका हाथ टूट गया है और घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.

बरेली के भमोरा क्षेत्र में आई एक भयंकर आंधी ने एक शख्स को ‘हवा’ में उड़ा दिया. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि वह शख्स एक भारी-भरकम टीनशेड के साथ पतंग की तरह आसमान में उड़ता हुआ दूर एक खेत में जा गिरा. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.

बारातघर में ‘काल’ बनकर आई आंधी

घटना बुधवार, 13 मई 2026 का है. ग्राम बबियाना के रहने वाले 50 वर्षीय नन्हें, जो वहीद अंसारी के बेटे हैं, गांव के बारातघर के पास खड़े थे. दोपहर का वक्त था और अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली कि चारों तरफ धूल का गुबार छा गया. तेज हवाओं के थपेड़ों से बारातघर के ऊपर लगी टीन की चादरें ऐसे फड़फड़ाने लगीं जैसे कागज के टुकड़े हों.

बचाने की कोशिश पड़ी भारी

जैसे ही नन्हें ने देखा कि बारातघर की टीनशेड उड़ने वाली है, उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की. उन्होंने मजबूती से टीनशेड के पाइप को पकड़ लिया, लेकिन कुदरत के कहर के आगे उनकी ताकत कम पड़ गई. हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह टीनशेड को तो उड़ा ही ले गई, साथ में पाइप पकड़े हुए नन्हें को भी कई फीट ऊपर हवा में उछाल दिया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे नन्हें टीनशेड के साथ आसमान में उड़ते जा रहे हैं.

खेत में हुई लैंडिंग

टीनशेड के साथ कुछ दूर हवा में सफर करने के बाद नन्हें सीधे पास के एक खेत में जा गिरे. जिस तरह से वह गिरे थे, कोई भी अनहोनी हो सकती थी, लेकिन किस्मत उनके साथ थी. हादसे में उन्हें काफी चोटें आई हैं, खासकर उनके हाथ में गंभीर चोट लगी है. जब पुलिस उनके घर जानकारी लेने पहुंची, तो नन्हें के हाथ पर प्लास्टर बंधा हुआ मिला. फिलहाल वह घर पर आराम कर रहे हैं और खतरे से बाहर हैं.

वहीं, सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को देखकर दंग हैं. कोई इसे कुदरत का करिश्मा बता रहा है तो कोई सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहा है.

ये भी पढ़ें: ‘नाखून की तरह दोबारा उग आएगी किडनी’; एक झूठ जिसने बदली दी गांव की जिंदगी, वजह जानकर हो जाएंगे दंग

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read