Bharat Express DD Free Dish

‘नीतीश को कोई खत्म नहीं कर सकता…’ आनंद मोहन के आरोपो पर भड़कीं मंत्री लेसी सिंह, किया पलटवार

बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन द्वारा जदयू की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाने के बाद राज्य सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने पलटवार किया है.

बिहार की राजनीति एक बार फिर बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप को लेकर गर्म हो गई है. इस बार चर्चा में बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन हैं, जिनके बयान के बाद सत्ता पक्ष की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है.

दरअसल, एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान आनंद मोहन ने जदयू की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए. उन्होंने दावा किया कि आजकल पार्टी में फैसले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं ले रहे हैं. उनके मुताबिक, पार्टी में अब उस व्यक्ति की ज्यादा सुनी जाती है, जो पैसों से भरा बैग लेकर आता है. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने नीतीश कुमार को राजनीतिक तौर पर हाशिए पर पहुंचा दिया है.

उनके इस बयान ने सियासी माहौल को तुरंत गर्म कर दिया.

मंत्री लेसी सिंह का कड़ा पलटवार

आनंद मोहन के आरोपों पर बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने साफ कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सवाल उठाना बिल्कुल गलत है. उनके मुताबिक, ऐसा कोई व्यक्ति या ताकत नहीं है जो मुख्यमंत्री को राजनीतिक रूप से खत्म कर सके.

लेसी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि बिहार के करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़े हुए हैं. महिलाओं और वंचित तबकों के बीच उनकी मजबूत पहचान और भरोसा है. मंत्री ने यह भी कहा कि जदयू पर पैसे लेकर टिकट या पद देने जैसे आरोप पूरी तरह निराधार हैं और पार्टी की छवि हमेशा साफ-सुथरी रही है.

‘फैसले नीतीश ही लेते हैं’ – सरकार का दावा

मंत्री ने जोर देकर कहा कि चाहे सरकार से जुड़े बड़े फैसले हों या संगठनात्मक निर्णय, सभी नीतीश कुमार की सहमति और मार्गदर्शन से ही लिए जाते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के बयान सिर्फ नेतृत्व की क्षमता पर सवाल खड़े करने की कोशिश हैं, जिसे बिहार की जनता स्वीकार नहीं करेगी.

राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में

इस पूरे विवाद के बीच यह भी चर्चा तेज है कि आनंद मोहन अपने बेटे चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज बताए जा रहे हैं. हालांकि इस पर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे इस बयानबाज़ी की एक बड़ी वजह माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- ‘यहां की इमली में बहुत मिठास है…’, बस्तर की महिलाओं के हुनर के मुरीद हुए अमित शाह, चखा पल्प का स्वाद

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read