Bharat Express DD Free Dish

‘यहां की इमली में बहुत मिठास है…’, बस्तर की महिलाओं के हुनर के मुरीद हुए अमित शाह, चखा पल्प का स्वाद

Amit Shah Bastar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के नेतानार ग्राम में ‘शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा’ (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया. उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों, सिलाई और धान ढेकी केंद्रों का निरीक्षण कर बस्तर की महिलाओं का हौसला बढ़ाया.

Amit Shah Bastar Visit Teast Imli

Amit Shah Bastar Visit: बस्तर/प्रियंका कौशल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान बस्तर जिले के सुदूर नेतानार ग्राम स्थित सीआरपीएफ (CRPF) कैंप पहुंचे. यहां उन्होंने ग्रामीणों को बड़ी सौगात देते हुए ‘शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा’ (जन सुविधा केंद्र) का भव्य उद्घाटन किया. अमित शाह का यह दौरा बस्तर के अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास और सुशासन की पहुंच को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है. केंद्र के निरीक्षण के दौरान गृह मंत्री ने स्थानीय महिलाओं से सीधे संवाद किया और उनके बढ़ते हौसले की जमकर तारीफ की.

बस्तर की इमली के मुरीद हुए अमित शाह

दौरे के दौरान अमित शाह इमली प्रसंस्करण केंद्र पहुंचे, जहां ‘गुंडाधूर महिला स्व-सहायता समूह’ की महिलाएं उच्च गुणवत्ता युक्त इमली का पल्प तैयार कर रही हैं. शाह ने वहां खुद बस्तर की इमली का स्वाद चखा और मुस्कुराते हुए कहा कि यहां की इमली में बहुत मिठास है. समूह की सदस्य लंबी नाग ने गृह मंत्री को बताया कि इस रोजगार से जुड़कर वे अब सालाना एक लाख रुपये तक की आय आसानी से अर्जित कर सकेंगी, जिससे उनका परिवार आर्थिक रूप से समृद्ध होगा.

गांव में ही मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं (Seva Setu Kendra Bastar)

इसके बाद गृह मंत्री ‘सेवा सेतु केंद्र’ पहुंचे, जहां डिजिटल गवर्नेंस का बड़ा चमत्कार देखने को मिला. केंद्र में मौजूद ग्राम नेतानार निवासी श्रीमती सुखदेवी ने शाह को बताया कि उन्होंने अभी-अभी अपनी पांच महीने की बेटी पद्मा का आधार कार्ड बनवाया है. इस केंद्र के खुलने से पहले उन्हें 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर जाना पड़ता था.

अब इस एकल खिड़की व्यवस्था के कारण ग्रामीणों को नया आधार कार्ड, आधार अपडेट, ई-केवाईसी (e-KYC), मोबाइल नंबर लिंकिंग और ई-आधार जैसी सुविधाएं गांव में ही मिल रही हैं. वहीं, सोनामनी नाम की महिला ने बताया कि दूरी अधिक होने के कारण वे लंबे समय से ‘महतारी वंदन योजना’ का ई-केवाईसी नहीं करा पा रही थीं, लेकिन गांव में केंद्र खुलते ही आज उनका काम चुटकियों में हो गया. इस केंद्र के माध्यम से अब जन्म, आय, जाति जैसे विभिन्न ऑनलाइन प्रमाण पत्र एक ही जगह बन सकेंगे.

महिलाओं की बदली जिंदगी (Mahtari Vandan Yojana Bastar)

नेतानार के इस जन सुविधा केंद्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बहुआयामी प्रशिक्षण दिया जा रहा है. महिलाओं को बैंक सखी का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे गांव में ही पैसे जमा करना, निकालना, नए खाते खोलना, एसएचजी (SHG) क्रेडिट लिंकेज और केवाईसी जैसी बैंकिंग सेवाएं अपनी चौखट पर दे सकेंगी.

ये भी पढ़ें: बंगाल में आधी रात का एक्शन: सैकत, राजू, शुभजीत और संदीप… हथियारों के साथ धराया TMC विधायक का बेटा, पकड़े गए ये 4 लोग कौन हैं?

अमित शाह ने बेसिक एवं एडवांस सिलाई सीख रही महिलाओं से भी बात की. प्रशिक्षण पा रही सुश्री विजय कुमारी ने भरोसा जताया कि अब वे सम्मान से अपने परिवार का पालन-पोषण कर पाएंगी. इसके साथ ही, गृह मंत्री ने ‘धान ढेकी प्रशिक्षण केंद्र’ का भी जायजा लिया, जो चावल की बिक्री से महिलाओं की आय तो बढ़ाएगा ही, साथ ही इससे निकलने वाली भूसी से स्थानीय पशुओं को पौष्टिक आहार भी मिलेगा.

बस्तर के विकास का नया मॉडल

नेतानार ग्राम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू किया गया यह ‘सेवा डेरा’ सिर्फ एक सरकारी केंद्र नहीं, बल्कि बस्तर की महिलाओं के सशक्तीकरण और डिजिटल समावेशन का एक बड़ा हब बन चुका है. सुरक्षा बलों के कैंप के साथ इस तरह के जनसुविधा केंद्रों का जुड़ना यह साबित करता है कि बस्तर अब बंदूक की गूंज से निकलकर विकास और मिठास की नई गाथा लिख रहा है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read