भारतीय ऊर्जा (Power Sector) के क्षेत्र में अडानी ग्रुप का दबदबा और ज्यादा मजबूत होने जा रहा है. अडानी पावर ने गुरुवार को एक बड़ा आधिकारिक ऐलान करते हुए बताया कि उसने संकट से जूझ रही कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (JAL) के साथ एक अंतिम समझौता (Definitive Agreement) साइन कर लिया है. इस मेगा कॉपोरेट डील के तहत अडानी पावर कुल ₹4,194 करोड़ का भारी-भरकम निवेश कर जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड में 24 फीसदी हिस्सेदारी और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में स्थित चुर्क थर्मल पावर प्लांट को खरीदने जा रही है.
डील का पूरा गणित: जेपी पावर का स्टेक और चुर्क प्लांट शामिल
स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, अडानी पावर ने इस पूरे अधिग्रहण को दो अलग-अलग हिस्सों में बांटकर एग्रीमेंट साइन किया है. अडानी पावर ने एक शेयर परचेज एग्रीमेंट (SPA) के तहत जयप्रकाश पावर वेंचर्स में जयप्रकाश एसोसिएट्स की 24 फीसदी हिस्सेदारी को करीब ₹2,993.6 करोड़ में खरीदने का फैसला किया है.
इसके अलावा, एक बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट (BTA) के जरिए उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में स्थित 180 मेगावाट (MW) क्षमता वाले चुर्क थर्मल पावर प्लांट और उससे जुड़ी संपत्तियों को ₹1,200 करोड़ में अधिग्रहित किया जाएगा. इस सौदे में प्रयागराज पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड में 11.49 प्रतिशत की हिस्सेदारी भी अडानी के पाले में आएगी.
दिवालिया संकट (NCLT) के तहत मिला मालिकाना हक
यह पूरी लेन-देन प्रक्रिया नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) द्वारा जयप्रकाश एसोसिएट्स के लिए स्वीकृत रेजोल्यूशन प्लान का एक हिस्सा है. इस रेजोल्यूशन प्लान के तहत ‘अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ मुख्य रेजोल्यूशन एप्लीकेंट (आवेदक) है, जबकि अडानी पावर इसे जमीन पर लागू करने वाली मुख्य इकाई (Implementing Entity) के रूप में काम कर रही है. अडानी पावर ने पहले ही इस दिवाला प्रक्रिया में शामिल होने की इच्छा जताई थी, जिसे अब औपचारिक रूप दे दिया गया है.
कैश पेमेंट से पूरी होगी डील
अडानी पावर ने स्पष्ट किया है कि वे इस सौदे को रेजोल्यूशन प्लान के तहत तय की गई प्रभावी तारीख (Effective Date) पर पूरी तरह से कैश पेमेंट (नकद भुगतान) के जरिए पूरा करेंगे. इस डील को पहले ही अगस्त 2025 में कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) से मंजूरी मिल चुकी थी, जिसके बाद मार्च 2026 में NCLT और बाद में NCLAT ने भी इस पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी थी.
ये भी पढ़ें: होर्मुज बंद होने से बढ़ी भारत की टेंशन! विदेश से लौटते ही पीएम मोदी ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग, जानें क्या हुआ फैसला?
जयप्रकाश पावर वेंचर्स वर्तमान में कुल 2,220 मेगावाट क्षमता के थर्मल और हाइड्रो पावर एसेट्स का संचालन करती है. अब यूपी के सोनभद्र स्थित 180 मेगावाट के चुर्क प्लांट के अडानी के हाथों में आने से उत्तर प्रदेश की बिजली सप्लाई और अडानी के रिन्यूएबल व थर्मल इकोसिस्टम को एक बहुत बड़ी रफ्तार मिलने की उम्मीद है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



