सुधीर कुमार/एटा
Police Suspend in Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. जहा अपनी प्राइवेट कार में सवार दो पुलिसकर्मियों पर शराब के नशे में स्कूटी सवार दो सहेलियों का पीछा करने, उन्हें टक्कर मारने और बदसलूकी करने का गंभीर आरोप लगा है. एसएसपी ने दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.
दरअसल, एटा जिले में रात शराब के नशे में धुत दो पुलिसकर्मियों अपनी प्राइवेट कार से स्कूटी सवार दो युवतियों का पीछा किया और उन्हें टक्कर मार दी. युवतियों द्वारा बीच सड़क पर हंगामा करने और पुलिसकर्मी का आईडी कार्ड छीनने के बाद मामला गरमा गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर एसएसपी इलामारन जी ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है और विभागीय जांच शुरू करा दी है.
जीटी रोड पर युवतियों का हाईवोल्टेज ड्रामा
जनपद एटा के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के जीटी रोड पर बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूटी से घर लौट रही दो सहेलियों ने कार सवार पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया. पीड़ित युवतियों का आरोप है कि वे रोडवेज बस स्टैंड से अपनी स्कूटी द्वारा घर वापस आ रही थीं.
इसी दौरान एक प्राइवेट कार में सवार दो लोग लगातार हॉर्न बजाते हुए उनका पीछा करने लगे. युवतियों ने कार सवारों से कहा कि आगे रास्ता खाली है, वे आगे निकल जाएं, लेकिन कार चालक जानबूझकर उनके पीछे गाड़ी चलाता रहा.
वी-मार्ट के पास मारी टक्कर
पीड़ितों के अनुसार, वी-मार्ट के पास पहुंचते ही कार ने उनकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी. जब युवतियों ने इसका विरोध किया, तो कार सवार लोग अभद्रता पर उतर आए और खुद को पुलिसकर्मी बताकर धौंस जमाने लगे. इसी बीच, हिम्मत दिखाते हुए एक युवती ने कार में सवार अधेड़ उम्र के शख्स का पुलिस पहचान पत्र (ID Card) छीन लिया, जिस पर धर्मेंद्र सिंह नाम लिखा हुआ था.
युवतियों का दावा है कि दोनों पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे और अत्यधिक शराब के नशे में धुत थे (UP Police Misbehavior).
वीडियो वायरल होने पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई
सड़क पर हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) इलामारन जी ने आरोपी सब इंस्पेक्टर राहुल वालियान और हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह (Head Constable Dharmendra Singh) को अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है (UP Police Suspended).
अपर पुलिस अधीक्षक का बयान
इस मामले पर जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) स्वेताभ पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए यह मामला संज्ञान में आया था. प्राइवेट कार में सवार दोनों पुलिसकर्मियों द्वारा अनुशासनहीनता बरतने के कारण एसआई राहुल और हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र को निलंबित कर दिया गया है.
विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं, और जाँच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने शेयर किया अथर्ववेद का मंत्र, पर्यावरण और मानव विकास के गहरे जुड़ाव का दिया संदेश
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
