IPL 2026 Qualifier 1: आईपीएल का 19वां सीजन अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. लीग स्टेज के खत्म होने के साथ ही प्लेऑफ की तीन टॉप टीमों की तस्वीर साफ हो गई है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ का टिकट कटा लिया है. अब लड़ाई सिर्फ चौथे पायदान की है जिसके लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कांटे की टक्कर चल रही है.
इस बीच फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि क्वालीफायर-1 की दोनों टीमें तय हो चुकी हैं. शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने भले ही आरसीबी को 55 रनों से मात दे दी, लेकिन इस मैच के नतीजों ने प्लेऑफ के समीकरण को बेहद दिलचस्प बना दिया है.
आरसीबी और गुजरात में होगी भिड़ंत
आईपीएल के नियमों के मुताबिक, अंक तालिका की टॉप-2 टीमों के बीच क्वालीफायर-1 खेला जाता है. इस बार लीग स्टेज खत्म होने के बाद बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद तीनों ही टीमों के पास बराबर 18-18 अंक थे. ऐसे में फैसला नेट रन रेट के आधार पर हुआ.
बेंगलुरु की टीम बेहतरीन नेट रन रेट (+0.783) की बदौलत पहले पायदान पर रही, जबकि गुजरात टाइटंस (+0.695) ने दूसरे नंबर पर कब्जा जमाया. हैदराबाद का रन रेट (+0.524) इन दोनों से थोड़ा कम रहा, जिसके कारण उसे तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा. इसका मतलब यह है कि अब क्वालीफायर-1 में आरसीबी और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी.
ये भी पढ़ें- हैदराबाद की बेरहम बल्लेबाजी! आरसीबी के गेंदबाजों को पानी पिलाकर 20 ओवर में ठोक दिए 255 रन
कब, कहां और कितने बजे शुरू होगा मैच?
क्रिकेट फैंस अपनी डायरी में तारीख और समय अच्छी तरह नोट कर लें क्योंकि आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच यह महामुकाबला मंगलवार, 26 मई को खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह जोरदार टक्कर धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में होगी जहां मैच की शुरुआत शाम 7:30 बजे से होगी, जबकि टॉस के लिए दोनों टीमों के कप्तान ठीक शाम 7:00 बजे मैदान पर उतरेंगे.
हारने वाले को एक और मौका
इस मैच की अहमियत दोनों ही टीमों के लिए बहुत बड़ी है. जो भी टीम इस मुकाबले को जीतेगी, वह सीधे आईपीएल 2026 के फाइनल में प्रवेश कर जाएगी. वहीं, हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं होगी. उसे एलिमिनेटर मैच (तीसरे और चौथे नंबर की टीमों के बीच) की विजेता टीम से क्वालीफायर-2 में भिड़ने का एक और मौका मिलेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
