Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान में खूनी रविवार, क्वेटा रेलवे ट्रैक पर धमाका, 23 की मौत, 47 की जख्मी

Pakistan Blast: क्वेटा में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके में 23 लोगों की मौत और 47 घायल हुए. धमाके से मालगाड़ी पटरी से उतर गई. बलूचिस्तान सरकार ने जांच शुरू की है.

Pakistan Blast: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रेलवे लाइन के पास जोरदार धमाका हुआ. इस विस्फोट में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 47 लोग घायल बताए जा रहे हैं. धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई और लोग डर के माहौल में इधर-उधर भागने लगे.

ट्रेन पटरी से उतरी

धमाके की वजह से एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रेन क्वेटा कैंट इलाके की ओर जा रही थी, तभी रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ. धमाके के बाद गोलियों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे लोगों में और ज्यादा दहशत फैल गई.

राहत और जांच

बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि पुलिस, सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच गईं. घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि धमाका किस तरह हुआ.

ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि क्वेटा कैंट से निकलने वाली शटल ट्रेन को चमन फाटक के पास निशाना बनाया गया. धमाके की वजह से इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और दो डिब्बे पलट गए. पास की पार्किंग में खड़ी 10 गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा. विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतों के शीशे और खिड़कियां टूट गईं. पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और राहत कार्य जारी है. एहतियातन पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया.

रेल मंत्री ने क्या कहा?

पाकिस्तान के रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने इस हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने इसे आतंकियों की कायराना हरकत बताया और कहा कि ऐसे हमले पाकिस्तान के हौसले को कमजोर नहीं कर सकते. अब्बासी ने बताया कि फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ट्रक और राहत ट्रेन मौके पर भेजी गई है. उन्होंने अधिकारियों से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. रेल मंत्री ने साफ किया कि इस हमले के बावजूद रेलवे सेवाएं बंद नहीं होंगी और कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें-चीन के शांक्सी प्रांत में कोयला खदान में धमाका, 90 मजदूरों की मौत, 2009 के बाद सबसे बड़ा हादसा

किसने ली जिम्मेदारी?

अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियों का केंद्र रहा है जहां कई संगठन पाकिस्तान सरकार के खिलाफ सक्रिय हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read