Bharat Express DD Free Dish

ट्विशा शर्मा मौत मामला: SC ने CBI को तुरंत जांच शुरू करने के दिए आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की अप्राकृतिक मौत मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तुरंत सीबीआई (CBI) जांच शुरू करने का आदेश दिया है. वहीं, आरोपी पति समर्थ सिंह ने आत्मसमर्पण कर दिया है.

Supreme Court order

सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा मौत मामले की सीबीआई जांच तुरंत शुरू करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि सीबीआई ट्विशा शर्मा की हुई अप्राकृतिक मौत की जांच शुरू करे. साथ ही कोर्ट ने मीडिया से अनुरोध किया है कि वह गवाहों या संभावित आरोपियों के बयान रिकॉर्ड न करे क्योंकि इससे जांच प्रभावित हो सकती है. सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने यह निर्देश दिया. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है. लगातार उठ रहे सवालों और न्यायिक हस्तक्षेप के बाद अब पुलिस जांच, मेडिकल रिपोर्ट और अस्पताल प्रशासन की भूमिका को लेकर सुनवाई कर रहा है.

कोर्ट ने कहा कि क्योंकि ट्विशा की सास पूर्व जिला जज रह चुकी है, पति समर्थ सिंह खुद वकील रह चुका है. इसलिए पक्षपात के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले में स्वतः संज्ञान लेना पड़ा. कोर्ट ने कहा मामले में कुछ कार्रवाइयों से हमें गहरी पीड़ा हुई है. हम अपने मीडिया मित्रों से अनुरोध करेंगे कि वे पीड़ित परिवार या दूसरे परिवार के बयान न लें. सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि इस संवेदनशील मामले को पूरी तरह से कानून और तय प्रक्रिया के अनुसार ही आगे बढ़ने दिया जाए.

सॉलिसिटर जनरल की भावुक टिप्पणी

वहीं राज्य सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया. उन्होंने बेहद भावुक टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी भी बेटी को ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक स्थिति का सामना करना पड़े, उससे कहीं बेहतर यह होता कि बेटी का तलाक हो जाता. ट्विशा के परिवार का आरोप है कि ट्विशा पर दहेज को लेकर परिवार का अत्याचार शुरू हो गया. लगातार मोटी रकम और कीमती सामान की मांग की जा रही थी. साथ ही ट्विशा के चरित्र पर झूठे आरोप भी लगाए जा रहे थे.

साथ ही प्रेग्नेंट होने के बाद ट्विशा का अबॉर्शन करवा दिया गया. इसके अलावा बताया गया है ट्विशा को मानसिक बीमारी दिखाने के लिए दवाइयां दी जा रही थीं. 33 साल की ट्विशा नोएडा की रहने वाली थीं. वे एक एमबीए ग्रेजुएट, मॉडल और पूर्व मिस पुणे कंटेस्टेंट और योग टीचर थीं. एक डेटिंग एप के जरिए भोपाल के वकील समर्थ सिंह से उसकी मुलाकात हुई थी. शादी के बाद ट्विशा पति के साथ भोपाल शिफ्ट हो गई. ट्विशा की दिसंबर 2025 में शादी हुई थी. समर्थ सिंह एमपी सरकार में पूर्व लीगल एडवाइजर रह चुका है. उसकी मां जिला जज रह चुकी है.

46 नंबरों की सूची से खुलासा

ट्विशा के पिता ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड से जुड़ी 46 मोबाइल नंबरों की सूची सार्वजनिक करते हुए बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि ट्विशा की मौत के अगले दिन उसकी सास और पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह ने प्रभावशाली लोगों को कॉल किए थे. वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 20 मई को ट्विशा के परिजनों से हुई मुलाकात के दौरान ट्विशा की मौत की सीबीआई से जांच करवाने का आश्वासन दिया था.

ये भी पढ़ें: ‘FIR में 3 दिन की देरी’, सुप्रीम कोर्ट में ट्विशा शर्मा के परिवार ने उठाया पक्षपात का मुद्दा? मीडिया ट्रायल पर CJI नाराज

बता दें कि ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं, वह मध्य प्रदेश सरकार का स्टैंडिंग काउंसिल रह चुका है जबकि उनकी सास गिरिबाला सिंह पूर्व जिला जज हैं. इन दोनों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है. समर्थ शर्मा ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से अपनी अग्रिम जमानत याचिका को वापस ले लिया था और निचली अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. जिसके बाद कोर्ट ने उसे 7 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read