लखनऊ के गोमती नगर स्थित विज्ञान खंड में रविवार को आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला. यहां लाल महेंद्र शिव शक्ति सेवा समिति (ओम नमः शिवाय आश्रम) की ओर से सेवा कार्य के 50 साल पूरे होने पर प्रवचन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. मुख्य अतिथि के तौर पर राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी शामिल हुए.
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए संतों की महिमा, भारतीय संस्कृति और परिवारिक मूल्यों पर विस्तार से बात की.

डॉ. शर्मा ने कहा कि जब इंसान सत्य के करीब आता है तो उसके भीतर आत्मविश्वास अपने आप बढ़ने लगता है. संतों का आशीर्वाद केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की ताकत भी देता है. उन्होंने कहा कि संत समाज को जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठाने का काम करते हैं. उनके अनुसार, संत ऐसा वातावरण तैयार करते हैं जहां सभी लोग खुद को सनातन परंपरा से जुड़ा महसूस करते हैं और आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं.
उन्होंने भारतीय संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि भारत दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक है. यहां की सनातन परंपरा सिर्फ इंसानों के लिए नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों और प्रकृति के प्रति भी सम्मान की भावना सिखाती है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे यहां नाग को भी देवता मानकर पूजा जाता है और उसे दूध पिलाने की परंपरा रही है. यही भारतीय संस्कृति की खासियत है कि वह हर जीव और हर धर्म के कल्याण की बात करती है.

अपने संबोधन में डॉ. शर्मा ने यह भी कहा कि इतिहास में कई आक्रांताओं ने भारत को लूटने की कोशिश की, लेकिन वे यहां की संस्कृति और परंपराओं को खत्म नहीं कर सके. उन्होंने गुरु की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि गुरु समाज को सही दिशा दिखाने का काम करता है और सभी को साथ लेकर चलता है.
बदलते पारिवारिक रिश्तों पर डॉ. दिनेश शर्मा ने जताई चिंता
हालांकि उन्होंने वर्तमान समय में बदलते पारिवारिक रिश्तों पर चिंता भी जताई. उनका कहना था कि आज परिवारों में विवाद बढ़ रहे हैं और माता-पिता तक को वृद्धाश्रम जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताते हुए कहा कि माता-पिता का सम्मान और सेवा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होनी चाहिए.
कार्यक्रम के अंत में डॉ. दिनेश शर्मा ने देश के विकास पर भरोसा जताते हुए कहा कि भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में मजबूती से काम कर रहा है.
यह भी पढ़ें: रनवे पर बढ़ा विमान… अचानक रुक गया इंजन और निकलने लगा धुआं; एयरपोर्ट पर ऐसे टला डिप्टी सीएम का बड़ा हादसा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



