CBSE Controversy: सीबीएसई की उत्तर पुस्तिका विवाद मामले में आखिरकार बड़ा मोड़ आ गया है. 12वीं के छात्र वेदांत ने जिस बात को लेकर सोशल मीडिया पर आवाज उठाई थी, अब बोर्ड ने भी उसे सही मान लिया है. वेदांत का दावा था कि रिवैल्यूएशन के दौरान उसे जो फिजिक्स की आंसर शीट भेजी गई थी, वह उसकी नहीं थी. लंबे विवाद और सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बाद सीबीएसई ने सही आंसर शीट खोजकर वेदांत तक पहुंचाई और अब उसके रिजल्ट में जरूरी सुधार की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
एक पोस्ट से शुरू हुआ बड़ा विवाद
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब दिल्ली के रहने वाले छात्र वेदांत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. उसने आरोप लगाया कि पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के तहत सीबीएसई ने जो फिजिक्स की कॉपी अपलोड की है, उसकी लिखावट उसकी हैंडराइटिंग से बिल्कुल मेल नहीं खाती. वेदांत की पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और देखते ही देखते लाखों लोगों तक पहुंच गई. कई अन्य छात्रों ने भी इसी तरह की शिकायतें सामने रखीं. किसी ने कहा कि उनकी उत्तर पुस्तिका गलत अपलोड हुई, तो किसी ने मार्किंग प्रक्रिया पर सवाल उठाए.
ट्रोलिंग भी झेली, लेकिन पीछे नहीं हटे
इस पूरे मामले में वेदांत को सिर्फ सिस्टम से ही नहीं, सोशल मीडिया से भी लड़ना पड़ा. शुरुआत में कई लोगों ने उसकी बात को झूठ बताया. कुछ यूजर्स ने यहां तक कह दिया कि यह फर्जी अकाउंट है और छात्र सिर्फ वायरल होने के लिए कहानी बना रहा है.
मामला इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने उसे “देशद्रोही” और “पाकिस्तानी” तक कह दिया. हालांकि कई लोग और नेताओं ने वेदांत का समर्थन भी किया. बावजूद इसके, वेदांत अपने दावे पर कायम रहा और लगातार सबूतों के साथ अपनी बात रखता रहा.
ये भी पढ़ें- CBSE का बड़ा फैसला: कक्षा 1 से 8 तक मैथिली बनी मातृभाषा विषय, बिहार में खुशी की लहर
आखिरकार CBSE ने मानी गलती
सोशल मीडिया पर बढ़ते दबाव और छात्रों की शिकायतों के बाद सीबीएसई ने मामले की जांच शुरू की. बोर्ड ने बाद में वेदांत को जवाब देते हुए कहा कि उसकी चिंता की समीक्षा की गई है और अब उसकी सही उत्तर पुस्तिका उसके रजिस्टर्ड ईमेल पर भेज दी गई है. सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड अब ऐसे सभी मामलों को गंभीरता से देख रहा है, जहां छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं. वरिष्ठ अधिकारी खुद छात्रों और अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं ताकि शिकायतों का समाधान जल्द हो सके.
25 लाख लोगों तक पहुंची वेदांत की आवाज
वेदांत की पोस्ट को एक्स पर करीब 25 लाख व्यूज मिले. पोस्ट में उसने साफ लिखा था कि कम अंक मिलने के बाद उसने पुनर्मूल्यांकन के तहत उत्तर पुस्तिका की कॉपी मांगी थी, लेकिन जो कॉपी मिली वह उसकी नहीं थी. अब सही आंसर शीट मिलने के बाद भी वेदांत पूरी तरह संतुष्ट नहीं है. उसका कहना है कि कई सही जवाबों पर भी अंक काटे गए हैं इसलिए वह आगे भी रिवैल्यूएशन के लिए आवेदन करेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
