Karnataka CM crisis: कर्नाटक में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल पर विराम लगता दिख रहा है. सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार (28 मई) को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. बता दें कि पिछले कुछ वक्त से कर्नाटक कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. इसी को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ सीएम सिद्धारमैया (Siddaramaiah) और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) की अहम बैठक हुई.
लेकिन इसके बाद अब खबर आ रही है कि सिद्धारमैया 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा (Siddaramaiah resignation) दे सकते हैं. इसी के साथ वह बुधवार को बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे.
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आज हुई लंबी बैठकों में सिर्फ आगामी राज्यसभा और एमएलसी चुनावों पर चर्चा हुई. उन्होंने यह भी साफ किया कि मुख्यमंत्री बदलने की जो बातें कही जा रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है.
कर्नाटक की राजनीति में होगा बड़ा उलटफेर?
आज दिनभर कर्नाटक की राजनीति को लेकर कई खबरें और बयान सामने आए. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ एक लंबी बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार, रणदीप सुरजेवाला और अन्य नेता शामिल थे. इस बैठक में मुख्य रूप से आने वाले राज्यसभा और एमएलसी चुनावों पर चर्चा हुई. उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री बदलने या किसी तरह के नेतृत्व परिवर्तन की बातें पूरी तरह अफवाह हैं.
हालांकि इसके बाद सूत्रों के हवाले से यह खबर आई कि बैठक में हाईकमान ने सिद्धारमैया से इस्तीफे पर चर्चा की और उन्हें राज्यसभा भेजकर दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं हुए.
ये भी पढ़ें: Bakrid 2026: बकरीद के लिए ‘खस्सी बकरा’ ही क्यों है नंबर-1 चॉइस? नॉर्मल बकरे से कितने होते हैं अलग, जानिए
सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व चाहता है कि सिद्धारमैया राष्ट्रीय स्तर पर ओबीसी नेतृत्व के बड़े चेहरे के रूप में उभरें और राहुल गांधी की सामाजिक न्याय की रणनीति को मजबूती दें.
इसी दौरान यह भी दावा किया गया कि अगर वे इस्तीफा देकर राज्यसभा का प्रस्ताव स्वीकार करते हैं, तो पार्टी उनकी बाकी चिंताओं को भी संभालने का भरोसा दे सकती है. बाद में यह भी चर्चा सामने आई कि सिद्धारमैया इस्तीफा दे सकते हैं, यहां तक कि गुरुवार को उनके पद छोड़ने की संभावना की बात भी कही गई. हालांकि कांग्रेस की ओर से अब तक किसी भी तरह के नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जबकि कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलें पहले भी लगती रही हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




