जितेंद्र कुमार/हजारीबाग
Hazaribagh Septic Tank Accident: झारखंड के हजारीबाग (Hazaribagh) में एक दर्दनाक हादसे में परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. देर रात एक महिला दुर्घटनावश सेप्टिक टैंक में गिर गई. उसे बचाने के प्रयास में उसका पति और फिर बड़ा बेटा भी टैंक में उतरे, लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की जान चली गई.
हजारीबाग (Hazaribagh Suraj Temple) में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. देर रात सूरज मंदिर के पास एक महिला सेप्टिक टैंक पर रखे लकड़ी के पटरे के खिसकने से उसमें गिर गई. पत्नी को बचाने के लिए टैंक में उतरा पति भी वहां मौजूद जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गया.
काफी देर तक दोनों के न लौटने पर उनके बेटे उन्हें ढूंढते हुए पहुंचे. माता-पिता को टैंक में देखकर बड़ा बेटा रवि उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरा, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया. इस हादसे में माता, पिता और बड़े बेटे तीनों की जान चली गई (Jharkhand tragic accident).
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर जमा हुए. इस दौरान पीड़ित परिवार के चाचा मदन शाहू ने हिम्मत दिखाई और अपनी कमर पर रस्सी बांधकर तीनों को निकालने के लिए टैंक में उतरे. लेकिन गैस का असर इतना तेज था कि वह भी वहीं बेहोश हो गए.
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालकर तुरंत हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (Hazaribagh Sheikh Bhikhari Medical College Hospital) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां, चाचा और बड़े बेटे को मृत घोषित कर दिया. वहीं पति का इलाज फिलहाल जारी है (death due to poisonous gas).
विधायक ने दी सांत्वना
ग्रामीणों के अनुसार, यह सेप्टिक टैंक पिछले दो-तीन सालों से इस्तेमाल में नहीं था. आरोप है कि इस खाली टैंक का उपयोग जावा महुआ शराब को छुपाकर रखने के लिए किया जाता था और इसी के कारण वहां भारी मात्रा में जहरीली गैस बनी थी. घटना की सूचना मिलते ही सदर विधायक प्रदीप प्रसाद अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया.
उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और सहायता राशि प्रदान करने की अनुशंसा करने की बात कही है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: ताजमहल के अंदर सरेआम कीर्तन! चप्पे-चप्पे पर पहरा फिर भी कैसे लगी सेंध? वीडियो देख भड़के लोग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



