Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

रणथंभौर में टाइगर RBT-2506 का खौफनाक शिकार, पर्यटकों के सामने नीलगाय पर किया हमला; कैमरे में कैद हुआ रोमांचक नजारा

Ranthambore Tiger Reserve: राजस्थान के रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जोन नंबर चार में टाइगर RBT-2506 ने पर्यटकों के सामने नीलगाय का शिकार कर लिया. करीब सवा मिनट तक टाइगर और नीलगाय के बीच संघर्ष चला. पर्यटकों ने बाघ के शिकार करने का पूरा घटनाक्रम अपने कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया.

Ranthambore Tiger Reserve

Ranthambore Tiger Reserve

Ranthambore Tiger Reserve: राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर टाइगर रिजर्व में इन दिनों पर्यटकों को वन्यजीवों की रोमांचक गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. जंगल के राजा बाघ की फुर्ती, ताकत और शिकार करने के अंदाज का एक ऐसा ही नजारा सामने आया है, जिसे देखकर सफारी कर रहे पर्यटक हैरान रह गए. रणथंभौर के जोन नंबर चार में टाइगर RBT-2506 ने पर्यटकों के सामने एक नीलगाय का शिकार कर लिया. दोनों के बीच करीब सवा मिनट तक जिंदगी और मौत का संघर्ष चला. इस पूरी घटना को पर्यटकों ने अपने मोबाइल और कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया.

मलिक तालाब के पास दिखाई दिया टाइगर

जानकारी के मुताबिक, रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जोन नंबर चार में पर्यटक जंगल सफारी का आनंद ले रहे थे. इसी दौरान मलिक तालाब के पास उनकी नजर टाइगर RBT-2506 पर पड़ी. बाघ उस समय शिकार की तलाश में घात लगाए बैठा था. आसपास वन क्षेत्र में विचरण कर रही एक नीलगाय पर जैसे ही उसकी नजर पड़ी, उसने शिकार करने की तैयारी शुरू कर दी. मौका मिलते ही बाघ ने नीलगाय का पीछा करना शुरू कर दिया. करीब 20 सेकेंड तक पीछा करने के बाद उसने अचानक नीलगाय पर हमला बोल दिया. जंगल में अचानक हुई इस हलचल ने सफारी कर रहे पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

पहले हमले में बिगड़ा टाइगर का संतुलन

शिकार के दौरान टाइगर ने सबसे पहले नीलगाय की पीठ पर झपट्टा मारा. हालांकि, नीलगाय ने भी अपनी जान बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी और बाघ के हमले का जोरदार तरीके से मुकाबला किया. इस दौरान संघर्ष करते हुए टाइगर का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर जा गिरा. लेकिन बाघ ने हार नहीं मानी. जमीन से उठते ही उसने दोबारा नीलगाय पर हमला कर दिया. इस बार उसने नीलगाय के पैर को अपने मजबूत जबड़ों में जकड़ लिया. नीलगाय लगातार छटपटाती रही और खुद को बाघ के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश करती रही.

गर्दन पर मजबूत पकड़ बनाकर किया शिकार

इसके बाद टाइगर धीरे-धीरे नीलगाय की गर्दन तक पहुंच गया और उस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली. नीलगाय ने काफी देर तक संघर्ष किया, लेकिन बाघ की ताकत और मजबूत जबड़ों के सामने उसकी कोशिशें नाकाम हो गईं. आखिरकार करीब सवा मिनट तक चले इस संघर्ष का अंत नीलगाय की मौत के साथ हुआ. टाइगर ने उसे अपना शिकार बना लिया.

पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया रोमांचक नजारा

जंगल में शिकार और शिकारी के बीच हुए इस पूरे घटनाक्रम को सफारी कर रहे पर्यटक अपनी आंखों से देखते रहे. बाघ की फुर्ती और नीलगाय के संघर्ष का यह नजारा पर्यटकों के लिए किसी रोमांचक अनुभव से कम नहीं था. कई पर्यटकों ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन और कैमरों में कैद कर लिया.

रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघों की मौजूदगी और उनकी प्राकृतिक गतिविधियां हमेशा से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही हैं. इस घटना ने एक बार फिर जंगल के प्राकृतिक जीवन चक्र और बाघ की शिकार करने की अद्भुत क्षमता को सामने ला दिया है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism