Ayodhya Ram Mandir Ramlala Winter Routine
Ayodhya Ram Mandir Winter Routine: अयोध्या में मौसम में बदलाव और ठंड की शुरुआत के साथ ही राम मंदिर में विराजमान रामलला की दैनिक सेवा और दिनचर्या में बदलाव कर दिया गया है. भगवान को ठंड से बचाने के लिए अब विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. उन्हें गुनगुने जल से स्नान कराया जा रहा है, वहीं रात्रि शयन के समय रजाई भी ओढ़ाई जा रही है. इसके अलावा रामलला के वस्त्रों और भोग में भी मौसम के अनुसार बदलाव किया गया है.
गुनगुने जल से स्नान, रात्रि में ओढ़ाई जा रही रजाई
ठंड को देखते हुए रामलला की सेवा में विशेष सावधानी बरती जा रही है. अब भगवान को ठंडे पानी की जगह गुनगुने जल से स्नान कराया जा रहा है. उनके वस्त्रों में भी बदलाव किया गया है. बाल स्वरूप में विराजमान रामलला को अब मोटे सूती वस्त्र पहनाए जा रहे हैं, ताकि ठंड से बचाव हो सके. वहीं, रात में शयन के दौरान भगवान को रजाई ओढ़ाई जा रही है. मंदिर में रामलला की सेवा बालक के स्वरूप को ध्यान में रखकर की जाती है. इसलिए उनकी दिनचर्या में भी पांच वर्ष के बच्चे की तरह वात्सल्य भाव और विशेष देखभाल का ध्यान रखा जाता है.
भोग में भी बदलाव, दही की जगह मिल रहे गर्म खाद्य पदार्थ
सर्दी के मौसम को देखते हुए रामलला के भोग में भी बदलाव किया गया है. अब भगवान को दही का भोग नहीं लगाया जा रहा है. इसकी जगह गर्म तासीर वाले खाद्य पदार्थ अर्पित किए जा रहे हैं. रामलला को पूड़ी, सब्जी, हलुवा और केसरयुक्त दूध का भोग लगाया जा रहा है. मंदिर में सुबह 4:30 बजे मंगला आरती के बाद भगवान का अभिषेक किया जाता है. इसके बाद निर्धारित परंपराओं के अनुसार उनकी दैनिक सेवा और पूजा-अर्चना संपन्न होती है.
अन्य मंदिरों में भी बदली भगवान की सेवा
सिर्फ राम मंदिर ही नहीं, अयोध्या के अन्य मठ-मंदिरों में भी ठंड को देखते हुए भगवान की सेवा में बदलाव किया गया है. यहां भी विग्रह को रजाई ओढ़ाई जा रही है और मौसम के अनुसार राग-भोग की व्यवस्था की जा रही है. राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास ने बताया कि सनातन परंपरा में भगवान के विग्रह को जीवंत स्वरूप मानकर उनकी सेवा की जाती है. इसी परंपरा के तहत गर्मी, सर्दी और बरसात के अनुसार भगवान के वस्त्र, खानपान और दैनिक दिनचर्या में बदलाव किया जाता है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






