Bharat Express DD Free Dish

गाजियाबाद में बकरीद पर हत्या का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

UP News: गाजियाबाद के खोड़ा में बकरीद पर सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया. गोली लगने से घायल असद ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

UP News: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है. इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद अस्पताल में दम तोड़ बैठा.

पुख्ता सूचना पर बिछाया गया जाल

बीती रात पुलिस को खबर मिली थी कि असद अपने दोस्त से पैसे लेने खोड़ा आने वाला है और इसके बाद शहर छोड़ने की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी. थोड़ी देर बाद असद अपने साथी के साथ बाइक पर पहुंचा और पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की.

पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस का दावा है कि रुकने के बजाय असद ने सीधे गोली चलानी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें असद गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस मुठभेड़ में एक कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है.

हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से असद की मोटरसाइकिल और उसके पास मौजूद देसी पिस्तौल बरामद की है. वहीं, असद के साथ मौजूद उसका साथी मौके से भागने में सफल रहा. पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

28 मई को हुई थी सूर्या की हत्या

ईद के दिन खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए इस हमले ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया था. सूर्या चौहान को चाकू से कई वार कर घायल किया गया था. नोएडा के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था और पुलिस ने नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.

परिजनों का आरोप

सूर्या की मां की माने तो 28 मई की दोपहर सूर्या स्कूल के पास खड़ा था तभी अरशद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक समेत कई युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गए. अरशद ने उससे पूछा कि क्या उसने कभी बकरी कटते देखा है. सूर्या ने नहीं कहा तो उस पर चाकू से हमला कर दिया गया. आरोप है कि हमलावरों ने उसे पकड़कर ताबड़तोड़ वार किए.

जान बचाने की कोशिश

परिवार का कहना है कि सूर्या करीब 200 मीटर तक भागकर अपनी जान बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और फिर से चाकू से हमला कर दिया. पुलिस को सूचना मिलते ही घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.

परिजनों को शव सौंपा गया

इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सूर्या को अस्पताल ले गई. वहीं, डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया.

चाकू बेचने वाला भी गिरफ्तार

पुलिस ने उस व्यक्ति को भी पकड़ लिया है जिससे आरोपियों ने चाकू खरीदा था. इस गिरफ्तारी के बाद जांच और मजबूत हुई है.

ये भी पढ़ें-Aaj Ka Rashifal 31 May 2026: आज चमकेगा इन राशियों का भाग्य, वृश्चिक को मिलेगा अटका धन; पढ़ें मेष से मीन तक का दैनिक राशिफल

सरकार का सख्त रुख

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें फांसी की सजा दिलाई जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read