MP News: धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम खरेखेडा में सोमवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद अफवाह फैली कि दो बच्चियों को होद में डुबोकर मार दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच में स्पष्ट हुआ कि बच्चियों की मौत झगड़े से नहीं बल्कि कुएं में गिरने से हुई है.
बकरियां चराने गई थीं मां-बेटियां
दरअसल, मां अपनी दोनों बेटियों के साथ बकरियां चराने गई थी. इसी दौरान छह साल की शिवानी का पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गई. बेटी को बचाने के लिए मां भी कूद पड़ी. मां को देखकर चार साल की ऋषिका भी कुएं में जा गिरी. इस हादसे में दोनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
पुलिस ने की जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए. शुरुआती जांच में यह साफ हो गया कि बच्चियों की मौत कुएं में गिरने से हुई है.
अफवाहों ने बढ़ाई परेशानी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर ने बताया कि गांव में पहले से दो पक्षों के बीच सामाजिक विवाद चल रहा था. इसी दौरान कुछ लोग गाड़ियों से आए और शोरगुल हुआ. उसी समय बच्चियां कुएं में गिरीं. इस घटनाक्रम को लेकर अफवाह फैली कि बच्चियों को जानबूझकर होद में डुबोया गया.
मां और ग्रामीणों के बयान
बच्चियों की मां ने पूछताछ में बताया कि यह हादसा बकरियां चराते समय हुआ. गांव के दो लोगों ने कुएं में कूदकर मां और बच्चियों को बाहर निकाला, लेकिन बच्चियों की जान नहीं बचाई जा सकी. ग्रामीणों ने भी यही बयान दिया कि यह एक दुर्घटना थी.
ये भी पढ़ें-बीकानेर पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन के बाद छह महिलाओं की हालत बिगड़ी, जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों को राउंडअप किया और स्पष्ट किया कि बच्चियों की मौत झगड़े से नहीं बल्कि पैर फिसलने से हुई है. अधिकारियों ने कहा कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और किसी भी तरह की गलत जानकारी फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


