Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मौसम का बड़ा पलटफेर: दिल्ली-NCR में ठंडी हवाएं, बिहार में आंधी-पानी का ऑरेंज अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं और बूंदाबांदी से तापमान 34 डिग्री तक गिर गया है, जबकि बिहार में मानसून की दस्तक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, यूपी और राजस्थान के कई हिस्सों में प्री-मानसून की आंधी-बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है.

Aaj Ka Mausam Delhi NCR Rain Cool Alert Bihar Orange Alert

Aaj Ka Mausam: भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू के थपेड़ों के बीच नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने और मानसून की रफ्तार बढ़ने से देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. कहीं देर रात हुई झमाझम बारिश के बाद सुबह की शुरुआत ठंडी हवाओं के साथ हुई है, तो कहीं मानसून आफत बनकर बरसने को तैयार है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले घंटों में उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम बेहद सुहाना रहने वाला है.

दिल्ली-NCR में ‘कूल-कूल’ हुआ सवेरा

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लोगों के लिए आज की सुबह बेहद खुशनुमा रही. पिछले 24 घंटों में हुई धूल भरी आंधी और बारिश ने पारे को तेजी से नीचे गिराया है. आज दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.

हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में तेज सतही हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी है. आज अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो इस सीजन के सामान्य तापमान से काफी कम है. दोपहर बाद भी मौसम सुहावना बना रहेगा, जिससे उमस से बड़ी राहत मिलेगी.

राजस्थान को भी राहत

पड़ोसी राज्य राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में आंधी और बारिश के दौर से लोगों ने राहत की सांस ली है, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आई है. हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के मरुस्थलीय इलाकों में अभी भी सूरज के तेवर तीखे हैं और पारा 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है. वहीं पंजाब और हरियाणा में भी भीषण गर्मी का दौर थम गया है और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां शुरू होने से मौसम का मिजाज बदल रहा है.

यूपी-एमपी में भी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश की बात करें तो लखनऊ और कानपुर में फिलहाल कोई बड़ी चेतावनी नहीं है, यहां हल्के बादलों के बीच मौसम सामान्य और सुहावना रहेगा. हालांकि, पूर्वी यूपी के बलिया और वाराणसी (बनारस) में आंशिक बादल छाए रहने और शाम को ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी की उम्मीद है.

वहीं, प्रयागराज में भी बादलों की आवाजाही से दोपहर बाद मौसम सुधरेगा. पश्चिमी और मध्य यूपी में तापमान 40 से 44 डिग्री के बीच रहने के बावजूद गरज-चमक के आसार बने हुए हैं.

बिहार में मानसून की तूफानी एंट्री

बिहार, जहां मानसून ने धमाकेदार दस्तक दे दी है. राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात यानी बिजली गिरने की प्रबल आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम में पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे न जाने की सख्त सलाह दी है.

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून ने पसारे पैर

मध्य प्रदेश में भी प्री-मानसून की गतिविधियों ने पैर पसार लिए हैं. आईएमडी के मुताबिक, 15 से 18 जून के बीच राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा. आज शनिवार को भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बारिश का अलर्ट है.

इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सीहोर, रीवा और सतना समेत 33 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में 6 डिग्री तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. दमोह में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री रहा.

मुंबई-कोलकाता में बदरा मेहरबान

देश के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो मुंबई में मानसून के असर से रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे हवा में नमी और धुंध बनी हुई है. कोलकाता में भी हल्के बादलों और धुंध के बीच बारिश की फुहारें पड़ने की पूरी संभावना है. दक्षिण में बेंगलुरु का मौसम हमेशा की तरह बेहतरीन और ठंडा बना हुआ है, जबकि चेन्नई में बादलों की आवाजाही के साथ मध्यम बारिश हो सकती है.

पहाड़ों पर बदला मिजाज

पहाड़ों का रुख करें तो जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग में अभी गर्मी है, लेकिन कश्मीर घाटी, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बादलों के डेरे और हल्की बारिश से मौसम बेहद खुशनुमा और सुहावना बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: 26/11 के अनसुने नायकों को सलाम! ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुए मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital